पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व

0
2
  • अब बड़े समूह भी कर सकेंगे मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में सफारी
  • केंटर का लोकार्पण, अगस्त से ऑनलाइन बुकिंग की तैयारी

कोटा। चंबल सफारी में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए अब बड़े समूहों के लिए भी मुकन्दरा हिल्स टाइगर रिजर्व में जंगल भ्रमण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन एवं निजी क्षेत्र के निवेशकों के प्रयासो से पिछले माह 8 से अधिक नई जिप्सियों का संचालन शुरू किया गया था, जिनसे पर्यटकों का लगातार अच्छा ट्रेफिक मिल रहा है।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि वर्तमान में मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व और चंबल सफारी हाड़ौती आने वाले पर्यटकों के लिए सबसे बड़े आकर्षण का केंद्र बन चुके हैं। यहां आने वाले पर्यटकों को लगातार टाइगर साइटिंग का रोमांचक अनुभव भी मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि पर्यटन क्षेत्र में कार्यरत बनवारी एवं उर्वशी द्वारा दो नई फोर्स कंपनी की जिप्सियां तथा आईशर कंपनी का एक केंटर भी शुरू किया गया है। इससे अब एक ही शिफ्ट में 100 से अधिक पर्यटक एक साथ मुकन्दरा हिल्स टाइगर रिजर्व जंगल सफारी का आनंद ले सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इसी तरह बूंदी में रामगढ़ विषधारी अभ्यारण्य में भी केंटर और जिप्सी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। रामगढ़ विषधारी अभ्यारण्य में भी आठ बाघ एवं बाघिन है और यह भी एक बहुत सुंदर अभ्यारण्य है। एक संभाग में दो-दो अभ्यारण्य होने से यहां के पर्यटन के विकास को एक नई गति मिलेगी।

केंटर का लोकार्पण गुरुवार को होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया द्वारा किया गया।

देश के सबसे सुंदर प्राकृतिक पर्यटन स्थल
कंपनी की संचालक उर्वशी ने बताया कि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व एवं चंबल सफारी का भ्रमण करने वाले पर्यटक इसे देश के सबसे सुंदर एवं आश्चर्यजनक प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में से एक बता रहे हैं। उनका कहना है कि इस क्षेत्र का राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक यहां पहुंच सकें।

क्रूज संचालन की दिशा में भी प्रयास
अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि होटल फेडरेशन का प्रयास है कि हाड़ौती आने वाले प्रत्येक पर्यटक को मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल सफारी तथा क्षेत्र के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों का समग्र भ्रमण कराया जाए। उन्होंने बताया कि चंबल सफारी में नावों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य में क्रूज संचालन की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की मांग के अनुरूप अतिरिक्त केंटर भी संचालित किए जाएंगे।

चंबल सफारी की दरों को व्यवहारिक बनाया जाए
उन्होंने वन विभाग से आग्रह किया कि अगस्त माह से ऑनलाइन बुकिंग सुविधा प्रारंभ की जाए तथा चंबल सफारी की दरों को भी व्यवहारिक बनाया जाए। ताकि, अधिक से अधिक देशी-विदेशी पर्यटक इन प्राकृतिक पर्यटन स्थलों का आनंद उठा सकें और हाड़ौती पर्यटन को नई पहचान मिल सके ।