दीपावली पर व्यापार महासंघ का कोटा के बाजारों में आकर्षक सजावट का आह्वान

0
119

स्वच्छता एवं सजावट प्रतियोगिता में महासंघ की सभी संस्थाएं निभाएंगी भागीदारी: माहेश्वरी

कोटा। कोटा व्यापार महासंघ की साधारण सभा की बैठक शनिवार को छावनी स्थित एक होटल में संपन्न हुई। बैठक में दीपावली के पावन पर्व पर शहर के बाजारों में आकर्षक सजावट, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने सहित व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने दीपावली के त्योहार को देखते हुए सभी व्यापार संघों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को सुचारू एवं दुरुस्त रखने का आह्वान किया, ताकि यातायात सुगम रहे और कहीं भी जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।

बैठक में महासंघ के उपाध्यक्ष सुरेंद्र गोयल विचित्र, अनिमेष जैन एवं काका हरविंदर सिंह ने सभी क्षेत्रीय संगठनों से कहा कि यदि उनके क्षेत्रों में यातायात पुलिस द्वारा अनावश्यक परेशानी पैदा की जाती है अथवा अनुचित चालान बनाए जाते हैं, तो इसकी सूचना कोटा व्यापार महासंघ को दें।

उन्होंने कहा कि दीपावली पर शहर में यातायात, पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही शहर पुलिस अधीक्षक से मिलकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का आग्रह करेगा, जिससे व्यापारियों, ग्राहकों एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

महासचिव अशोक माहेश्वरी ने सभी व्यापारिक संस्थाओं से आह्वान किया कि बाजारों की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए व्यापारी अपने एवं अपने कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग की अलग से व्यवस्था करें। इससे बाजारों में जाम की स्थिति नहीं बनेगी और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

इस अवसर पर रामपुरा व्यापार संघ के अध्यक्ष कपिल गर्ग एवं सचिव ऋषभ जैन ने बताया कि उनकी संस्था ने निर्णय लिया है कि कोई भी व्यापारी अपने प्रतिष्ठान के बाहर वाहन खड़ा नहीं करेगा तथा कर्मचारियों के वाहनों के लिए भी एक निश्चित स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही सभी व्यापारी सीमित दायरे में ही अपना सामान रखेंगे। इसके लिए सभी व्यापारियों को निर्देशित कर दिया गया है, ताकि ग्राहकों एवं आमजन को परेशानी न हो।

कोटा सर्राफा एसोसिएशन रामपुरा के अध्यक्ष भगवान लड्ढा ने कहा कि सरोवर टॉकीज से रामपुरा लिंक रोड पर आए दिन यातायात जाम की समस्या बनी रहती है। कई बार पुलिस प्रशासन एवं यातायात पुलिस को अवगत कराने के बावजूद इसका समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने रामपुरा बाजार में सेंटर पार्किंग हटाकर ग्राहकों के लिए उचित पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने तथा बाजारों को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग रखी।

बैठक में महासंघ के कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार जैन ने सभी व्यापार संघों से दीपावली के अवसर पर अपने-अपने क्षेत्रों में सामूहिक रूप से आकर्षक सजावट करने का आह्वान किया, जिससे बाजारों में सुंदरता के साथ-साथ व्यापारिक एकजुटता भी दिखाई दे।

हाड़ौती फूड एक्सपो का आयोजन 24 दिसम्बर से
बैठक में कोटा नमकीन व्यापार समिति के संस्थापक रामनाथ अग्रवाल एवं अध्यक्ष जगदीश गांधी ने बताया कि खाद्य उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोटा में 24, 25 एवं 26 दिसंबर को हाड़ौती फूड एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने इस आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए कोटा व्यापार महासंघ से भागीदारी एवं सहयोग की अपील की। एक्सपो में देशभर से आने वाले फूड इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिनिधियों को कोटा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाने के साथ-साथ यहां के स्थानीय उत्पादों की जानकारी भी दी जाएगी।

महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि महासंघ की सभी संस्थाओं को सामूहिक रूप से ऐसे आयोजनों में भागीदारी निभानी चाहिए, जिससे कोटा के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले और व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन को व्यापक बढ़ावा मिल सके। कोटा व्यापार महासंघ ऐसे सभी सकारात्मक एवं सराहनीय प्रयासों को पूर्ण समर्थन एवं सहयोग प्रदान करेगा।
बैठक में कोटा व्यापार महासंघ से संबद्ध 170 संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।