‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ की तीन दिन में 14 करोड़ की कमाई

395

मुंबई। आयुष्मान खुराना (Ayushman Khurana) ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ (Chandigarh Kare Aashiqui) के जरिए एक बार फिर से अलग तरह की कहानी लेकर आए हैं। उनकी फिल्मों के आने से पहले उसके विषय पर भी खूब चर्चा होती है कि इस बार आयुष्मान क्या करने वाले हैं। हालांकि कमाई के मामले में उनकी इस फिल्म की शुरुआत धीमी जरूर रही लेकिन वीकेंड पर यह रफ्तार पकड़ती नजर आई। फिल्म को दिल्ली-एनसीआर और पंजाब में सबसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। इसके अलावा मुंबई में भी दर्शक काफी संख्या में फिल्म को देखने पहुंचे।

सिंगल स्क्रीन्स में फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिली है। वैसे भी यह मल्टीप्लेक्स कंटेट वाली फिल्म है। कोरोना महामारी का असर सिनेमाघरों पर भी जबरदस्त पड़ा। अगर पोस्ट पैनडेमिक वाली स्थिति नहीं होती तो आयुष्मान की यह फिल्म और बेहतर कर सकती थी। बहरहाल, फिल्म ने शुक्रवार को 3.75 करोड़, शनिवार को 4.87 करोड़ और रविवार को 5.38 करोड़ का कलेक्शन किया। इस तरह 3 दिन में इसने 14 करोड़ की कमाई कर ली है।

अभिषेक कपूर निर्देशित ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है। इसमें आयुष्मान खुराना एक बॉडी बिल्डर का किरदार निभा रहे हैं जबकि वाणी कपूर जुम्बा टीचर बनी हैं। दोनों में प्यार होता है और कहानी में तब ट्विस्ट आता है जब पता चलता है कि मानवी ट्रांसजेंडर महिला है। फिल्म की पूरी शूटिंग चंडीगढ़ में हुई है। पहले इसे दिल्ली में फिल्माया जाना था लेकिन कोरोना के बाद हालात बदले तो दिल्ली में भीड़-भाड़ वाली स्थित को देखते हुए मेकर्स ने चंडीगढ़ जाने का फैसला किया।

2500 स्क्रीन्स पर रिलीज
फिल्म भारत में 2500 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है जबकि ओवरसीज में इसे 500 स्क्रीन्स मिले हैं। इसे भूषण कुमार, प्रज्ञा कपूर और अभिषेक नैयर ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।