गृहणियों को बड़ा झटका, आज से 15 रुपए महंगा हुआ रसोई गैस सिलेंडर

607

नई दिल्ली। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने लगातार दूसरे महीने आम आदमी को बड़ा झटका दिया है। कंपनियों ने रसोई गैस की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल) की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के नॉन सब्सिडी रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 15 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सिलेंडर की कीमत बढ़कर 620 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है। सितंबर में यह 605 रुपए में मिल रहा था।

कोलकाता में नॉन सब्सिडी वाला रसोई गैस सिलेंडर 13.50 रुपए महंगा हुआ है और अब नई कीमत 630 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है। मुंबई में एलपीजी सिलेंडर 12.50 रुपए महंगा होकर 574.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गया है। चेन्नई में यह 13.50 रुपए महंगा हुआ है और अब इसकी नई कीमत 620 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है।

19 किलो वाला नॉन डोमेस्टिक गैस सिलेंडर भी महंगा हुआ
घरेलू गैस सिलेंडर के अलावा तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले नॉन डोमेस्टिक गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की है। राजधानी दिल्ली में नॉन डोमेस्टिक गैस सिलेंडर 30.50 रुपए महंगा होकर 1085 रुपए प्रति सिलेंडर हो गया है। मुंबई में यह 24 रुपए महंगा हुआ है और अब इसकी नई कीमत 1139.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है। कोलकाता में 19 किलो वाला सिलेंडर 25 रुपए महंगा होकर 1139.50 रुपए का हो गया है। चेन्नई में यह 24.5 रुपए महंगा होकर 1199 रुपए प्रति सिलेंडर हो गया है।