कोटा। मोशन एजुकेशन के फाउंडर एवं एजुकेटर नितिन विजय ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल लर्निंग के दौर में जानकारी आसानी से उपलब्ध है, लेकिन उसे विद्यार्थियों तक सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जिम्मेदारी शिक्षक की ही है। इसलिए शिक्षकों को स्वयं भी विद्यार्थी बने रहकर लगातार सीखते रहना होगा।
वे शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर मोशन एजुकेशन के जेईई, नीट एवं फाउंडेशन डिवीजन के शिक्षकों के अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। गीत-संगीत और हास्य प्रस्तुतियों से सजे समारोह में स्थानीय कलाकारों के अलावा मुंबई के जाने माने स्टैंडअप कॉमेडियन इन्दर साहनी ने भी प्रस्तुति दी। इस दौरान संस्थान के चेयरमैन सुरेंद्र विजय, डायरेक्टर सुशीला विजय एवं डॉ. स्वाति विजय ने शिक्षकों का अभिनंदन किया।
नितिन विजय ने कहा कि ज्ञान होना और उसे प्रभावी ढंग से समझा पाना, अलग-अलग बातें हैं। अच्छा शिक्षक वह है, जो कठिन विषय को भी सरल, स्पष्ट और रोचक तरीके से समझा सके। इसके लिए विद्यार्थियों से जुड़ाव और भरोसे का रिश्ता जरूरी है। शिक्षक को जरूरत के अनुसार शिक्षक के साथ-साथ मोटिवेटर, सलाहकार, बड़े भाई या दोस्त की भूमिका भी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थान विद्यार्थियों को न डिग्री देता है और न मार्कशीट। विद्यार्थी यहां सीखने और मार्गदर्शन की उम्मीद लेकर आते हैं। ऐसे में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की देखभाल हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों के साथ सहज और वास्तविक रहें तथा उनमें सीखने की इच्छा पैदा करें। उन्होंने कहा-मेरे भीतर का विद्यार्थी आज भी जीवित है और मैं लगातार कुछ नया सीखता रहता हूं। शिक्षकों को भी सीखने का सिलसिला कभी बंद नहीं करना चाहिए।
समारोह का माहौल गीत-संगीत और हास्य प्रस्तुतियों से खुशनुमा बना रहा। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। गीतों की मधुर धुनों और संगीत की सुरमयी प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया। वहीं, हास्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
कार्यक्रम का खास आकर्षण मुंबई के जाने-माने स्टैंडअप कॉमेडियन इन्दर साहनी की प्रस्तुति रही। उन्होंने अपने चुटीले अंदाज, सहज हास्य और रोचक किस्सों से दर्शकों को जमकर हंसाया। उनकी प्रस्तुति के दौरान सभागार तालियों और ठहाकों से गूंजता रहा। समारोह में मनोरंजन के साथ उत्सव का माहौल बना रहा।

