खाद्य तेल का आयात 11 महीने के उच्चतम स्तर 15.7 लाख टन के पार

0
10

सोयाबीन तेल का आयात 26 प्रतिशत बढ़कर 6,28,736 टन पर पहुंचा

मुम्बई। अगस्त में भारत का खाने के तेल का आयात तेजी से बढ़ा। क्योंकि रिफाइनरों ने देश के मुख्य त्योहारों के मौसम से पहले खरीदारी बढ़ा दी थी। खाने के तेल का आयात महीने-दर-महीने 1.5% बढ़कर 11 महीने के उच्चतम स्तर 15.7 लाख टन पर पहुंच गया।

मौजूदा मार्केटिंग सीजन में खाद्य तेलों का सर्वाधिक आयात अगस्त में ही हुआ। इससे पहले जुलाई में भी इसका भारी आयात हुआ था। त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य तेलों की मांग एवं खपत में होने वाली वृद्धि को देखते हुए रिफाइनर्स द्वारा विदेशों से इसका आयात बढ़ाया जा रहा है।

सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि भारत में पाम तेल का आयात जुलाई की तुलना में अगस्त के दौरान 7 प्रतिशत बढ़कर 7,82,761 टन तथा सोयाबीन तेल का आयात 26 प्रतिशत उछलकर 6,28,736 टन पर पहुंच गया।

सोयाबीन तेल का यह आयात किसी एक माह का अब तक का सर्वोच्च स्तर है। वस्तुतः पहली बार भारत में सोयाबीन तेल का आयात किसी एक माह में 6 लाख टन से ऊपर पहुंचा है।

दूसरी ओर सूरजमुखी तेल का आयात इसी अवधि में 36 प्रतिशत लुढ़ककर 1,60,639 टन पर अटक गया क्योंकि रूस तथा यूक्रेन से काला सागर के जलमार्ग से इसका शिपमेंट लगभग ठप्प पड़ गया।

एसोसिएशन की मासिक रिपोर्ट के अनुसार अगस्त 2026 के दौरान देश में 1,01,700 टन रिफाइंड तेल तथा 14,70,436 टन क्रूड तेल के साथ कुल 15,72,136 टन खाद्य तेल मंगाया गया जबकि जुलाई में 15,49,485 टन खाद्य तेलों का आयात हुआ था जिसमें 14,69,990 टन क्रूड तेल एवं 79,495 टन रिफाइंड तेल का आयात शामिल था।

रिफाइंड तेल का अधिकांश आयात नेपाल से हो रहा है क्योंकि उस पर कोई सीमा शुल्क नहीं लगता है। दूसरी ओर इंडोनेशिया एंव मलेशिया से आरबीडी पामोलीन के आयात में जबरदस्त गिरावट देखी जा रही है।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार नवम्बर 2025 से अगस्त 2026 के 10 महीनों में इंडोनेशिया से 45,180 टन तथा मलेशिया से 19,998 टन आरबीडी पामोलीन मंगाया गया जबकि नेपाल से इसका आयात 28,728 टन पर पहुंचा। दरअसल नेपाल से भारत रिफाइंड सोयाबीन तेल का जबरदस्त आयात हो रहा है। दस महीनों की अवधि में इसका आयात उछलकर 5,31,557 टन पर पहुंच गया।