कोटा नागरिक बैंक के ऋणधारकों के लिए ओटीएस योजना तीन माह बढ़ी

0
8

कोटा। कोटा नागरिक सहकारी बैंक की संचालक मंडल एवं ऋण समिति की बैठक रावतभाटा रोड स्थित प्रधान कार्यालय में बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला की अध्यक्षता में हुई।

अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि एकमुश्त ऋण समाधान योजना-2025 (संशोधित) के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। योजना के तहत दो सदस्यों को 1.82 लाख रुपये की ब्याज राशि में राहत दी गई।

वहीं 16 नए सदस्यों को सदस्यता प्रदान की गई तथा 12 सदस्यों को 2 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए। अधिक से अधिक ऋणधारकों को योजना का लाभ देने के उद्देश्य से ओटीएस योजना की अवधि तीन माह बढ़ाकर 31 दिसंबर तक करने का निर्णय लिया गया।

प्रबंध संचालक बीना बैरवा ने बताया कि बैठक में सीआरआर एवं एसएलआर अनुपालना, ओटीएस योजना, वित्तीय विवरण एवं एलएफएआर रिपोर्ट, जमाओं, पूंजीगत व्यय एवं वार्षिक योजना की समीक्षा, एनपीए वसूली, ग्राहक सेवा, आय-व्यय, सुरक्षा व्यवस्था, इंटर-ब्रांच एवं बैंक रिकन्सिलिएशन तथा प्रतिभूति निवेश सहित कुल 16 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

हाड़ा का पार्षद चुने जाने पर स्वागत
इस अवसर पर बैंक उपाध्यक्ष एवं वार्ड 99 से भाजपा पार्षद हेमराज सिंह हाड़ा का माला, साफा एवं बुके भेंट कर स्वागत किया गया। अध्यक्ष बिरला ने कहा कि हाड़ा जनता के बीच सक्रिय रहने वाले जनप्रतिनिधि एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर विश्वास जताकर अपना प्रतिनिधि चुना है। हाड़ा लगातार जनसमस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए सक्रिय रहते हैं।

बैंक की वार्षिक आमसभा आज
कोटा नागरिक सहकारी बैंक की वार्षिक आमसभा रविवार को झालावाड़ रोड स्थित माहेश्वरी भवन में दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। आम सभा में बैंक की ओर से लाभांश की घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर कोटा नगर निगम में चुने गए नवनिर्वाचित बीजेपी पार्षदों, महापौर एवं उप महापौर का भी सम्मान किया जाएगा। यह जानकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला ने दी।