हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मिला नया आयाम, होटल मैनेजमेंट पाठ्यक्रम का शुभारंभ
कोटा। Hospitality Job Fair 2026: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर हाडोती क्षेत्र में पर्यटन विकास को गति देने के प्रयासों के चलते होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आज एलबीएस स्कूल प्रांगण में हॉस्पिटैलिटी जॉब फेयर 2026 का भव्य आयोजन किया गया।
एलबीएस ग्रुप के चेयरमैन कुलदीप माथुर ने बताया कि इस आयोजन में राज्य भर के 30 से अधिक होटल ग्रुपों के प्रतिनिधि एवं 500 से अधिक हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में प्रशिक्षण ले रहे राज्य भर के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं पर्यटन विभाग कोटा के सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव थे समारोह की विशिष्ट अतिथि राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी के पर्यटन विभाग की हेड डॉक्टर अनुकृति शर्मा एवं होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलौकिक जैन थे।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष माहेश्वरी ने कहा कि आज विश्व के 50 से अधिक देशों की अर्थव्यवस्था एवं रोजगार पर्यटक इंडस्ट्री से चल रहा है। भारत में विविध पर्यटनों की बेहतरीन लोकेशन है, जहां भारी मात्रा में डोमेस्टिक पर्यटकों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटक भी दुनिया भर से आ रहे हैं।
राजस्थान पर्यटन के दृष्टिकोण से पूरे देश में अपना प्रथम पंक्ति में स्थान रखता है, जहां हर वर्ष करीब 25 करोड़ देसी विदेशी पर्यटक आते हैं। राज्य की जीडीपी का 10% से अधिक शेयर पर्यटन से मिलता है और राज्य के 50 लाख लोगों को रोजगार मिलता है। माहेश्वरी ने कहा कि कोटा में पिछले 2 वर्षों से किए गए प्रयासों के चलते हाडोती पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब हुआ है।
इसी के चलते यहां पर इस क्षेत्र में भारी निवेश हो रहा है। कई बड़े ग्रुपों के होटल भी कोटा में निवेश कर रहे हैं यहां पर बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।
माहेश्वरी ने कहा कि हाडोती में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में प्रशिक्षण लेने वाले सभी युवाओं को हम हमारे होटल-रिसोर्ट में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतया कटिबद्ध है। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा युवाओं को हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में प्रशिक्षण लेने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
पर्यटन विभाग, कोटा के सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय आयोजन के तहत आयोजित होने वाला यह जॉब फेयर पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इससे होटल मैनेजमेंट के विद्यार्थियों एवं इस क्षेत्र से जुड़े युवाओं को एक ही मंच पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से कोटा महोत्सव कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट फेम टूर दशहरा मेला के आयोजन से हाडोती के पर्यटन का प्रचार प्रसार एवं मार्केटिंग हुई है आने वाले समय में पर्यटन विभाग एवं होटल फेडरेशन के साथ मिलकर एक फूड फेयर का भी आयोजन किया जाएगा।
राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के पर्यटन विभाग की हेड डॉक्टर अनुकृति शर्मा ने बताया कि हाडोती में पर्यटन की सफल संभावनाओं को देखते हुए आने वाले समय में हमें और अधिक हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को प्रशिक्षित युवाओं की आवश्यकता होगी, जो आने वाले अतिथियों को बेहतरीन सेवाएं दे सकेंगे। क्योंकि हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में प्रशिक्षित कार्मिक अपनी सेवाएं आने वाले पर्यटकों को उचित आतिथ्य सत्कार दे सकता है।
एलबीएस ग्रुप के चेयरमैन कुलदीप माथुर ने बताया कि कॉलेज में प्रशिक्षित युवा देश-विदेश और हाडोती में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बेहतरीन सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर एलबीएस कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट द्वारा एमबीए इन होटल मैनेजमेंट पाठ्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया।
उन्होंने कहा कि कोटा में कोचिंग का बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है। एमबीए इन होटल मैनेजमेंट पाठ्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को होटल प्रबंधन, आतिथ्य उद्योग, पर्यटन, संचालन, प्रबंधन एवं नेतृत्व के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शिक्षा एवं व्यावसायिक कौशल प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इसके पोस्टर का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया। आज सबसे ज्यादा डिमांड सर्विस सेक्टर में प्रशिक्षित युवाओं की है।
एलबीएस कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट के प्राचार्य आयुष टहलयानी ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर कोटा में पहली बार इस स्तर का हॉस्पिटैलिटी जॉब फेयर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य होटल एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों को कोटा से जोड़ना तथा होटल मैनेजमेंट एवं पर्यटन क्षेत्र में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सीधे रोजगार दाताओं से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक माह के प्रयासों से होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन की भागीदारी एवं पर्यटन विभाग के सहयोग से कोटा में पहली बार यह आयोजन किया गया है इसमें देश भर के 30 से अधिक होटल ग्रुपों के साथ ही राज्य भर के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में प्रशिक्षित युवाओं को भी आमंत्रित किया गया है।
चंबल फिल्म फेस्टिवल के अध्यक्ष कपिल सिद्धार्थ एव कोशल बंसल द्वारा मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व पर बनाई गयी डॉक्यूमेंट्री फिल्म को हरियाणा में फिल्म फेयर अवार्ड से सम्मानित किए जाने पर कपिल सिद्धार्थ का होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन एलबीएस कॉलेज एवं पर्यटन विभाग द्वारा सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व समारोह का सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर आयोजन का शुभारंभ किया गया और एलबीएस ग्रुप मैनेजमेंट ने सभी अतिथियों का साफा दुपट्टा माला मोमेन्टो देकर सम्मानित किया गया।

