बिरला और नागर के प्रयासों से सांगोद क्षेत्र के किसानों को मिला सबसे अधिक लाभ
कोटा/सांगोद। जिले में खरीफ 2025 के दौरान हुई अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्लेम राशि जारी कर दी गई है। इसमें विशेष रूप से सांगोद तहसील के किसानों को जिले में सर्वाधिक 25.01 करोड़ रुपए का बीमा क्लेम भुगतान प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि बीमा क्लेम राशि के लिए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर लगातार प्रयासरत थे।
कार्यालय संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), जिला परिषद, कोटा के अनुसार, पूरे जिले के प्रभावित किसानों के बैंक खातों में कुल 107 करोड़ 56 लाख 94 हजार 054 रुपये की भारी-भरकम राशि सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है।
कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, खरीफ 2025 सीजन में जिले के कृषकों द्वारा सोयाबीन, धान, उड़द एवं मक्का जैसी फसलों का बीमा कराया गया था। उल्लेखनीय है कि इस सीजन में किसानों ने प्रीमियम के तौर पर 8.74 करोड़ रुपये जमा किए थे।
जबकि राज्य और केंद्र सरकार द्वारा 28.39 करोड़ रुपये का योगदान दिया गया। इस प्रकार कुल 37.13 करोड़ रुपये की प्रीमियम राशि के मुकाबले सरकार ने किसानों को तीन गुना से भी अधिक का क्लेम वितरित कर बड़ी राहत प्रदान की है।
अतिवृष्टि के कारण फसलों में हुए भारी खराबे के बाद प्रशासन द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर तहसीलवार भुगतान सुनिश्चित किया गया है। सांगोद के बाद पीपल्दा तहसील में 22.80 करोड़ रुपए और कनवास में 20.13 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इसके अलावा चेचट में 13.21 करोड़, दीगोद में 9.86 करोड़, रामगंजमंडी में 9 करोड़ तथा लाडपुरा तहसील में 7.54 करोड़ रुपए किसानों के खातों में जमा किए गए हैं।
क्षेत्र के किसानों के खातों में बीमा क्लेम की राशि पहुंचने पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने इस बड़ी राहत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार सदैव किसानों के हितों के प्रति समर्पित है।
मंत्री नागर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कृषि मंत्री का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। जिनके सतत प्रयासों और मार्गदर्शन से कोटा जिले, विशेषकर सांगोद क्षेत्र के किसानों को उनके हक की क्लेम राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार अन्नदाता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

