कोटा कचौरी एवं कड़के सेव को GI टैग दिलाने के प्रयास होंगे: माहेश्वरी

0
2
कोटा नमकीन व्यापार समिति की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का अभिनंदन समारोह आयोजित

कोटा। कोटा नमकीन व्यापार समिति की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का अभिनंदन एवं स्वागत समारोह शनिवार को एक निजी होटल में आयोजित किया गया। समारोह में कोटा के नमकीन, कचौरी, कड़के सेव एवं अन्य खाद्य उत्पादों से जुड़े व्यवसायी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। समारोह के मुख्य अतिथि कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी थे।

इस अवसर पर माहेश्वरी ने कहा कि कोटा की कचौरी, कड़के सेव एवं नमकीन का कोटा मे बहुत बड़ा व्यापार है और देश- दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान है। इन उत्पादों का स्वाद लोगों को आकर्षित करता है। कोटा में इस व्यवसाय का करोड़ों रुपये का कारोबार है तथा हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला हुआ है।

उन्होंने कहा कि कोटा नमकीन व्यापार समिति द्वारा कोटा कचौरी एवं कोटा कड़के सेव को GI टैग दिलाने के लिए आवेदन किया गया है। कोटा व्यापार महासंघ की ओर से भी GI (Geographical Indication) टैग की प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा संबंधित विभागों के स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

माहेश्वरी ने कहा कि GI (Geographical Indication) टैग मिलने के बाद कोटा कचौरी एवं कड़के सेव की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग के नए रास्ते खुलेंगे।जिस प्रकार बीकानेर की भुजिया ने देश- दुनिया में अपनी पहचान बनाई है, उसी प्रकार कोटा की कचौरी, एवं कड़के सेव को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि इससे कोटा की खाद्य विरासत को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी और कोटा के पर्यटन को यहां की समृद्ध खाद्य संस्कृति से जोड़ने में भी मदद मिलेगी। इससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि कोटा के इन पारंपरिक उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के लिए गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकेजिंग और उत्पाद की शेल्फ लाइफ पर भी विशेष ध्यान देना होगा।

यदि उत्पादों की पैकिंग और गुणवत्ता इस स्तर की तैयार की जाए कि उन्हें लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके, तो देश के बड़े स्टोर, थोक विक्रेताओं और रिटेल नेटवर्क के माध्यम से इनकी बिक्री को बढ़ाया जा सकता है।

कोटा नमकीन व्यापार समिति के अध्यक्ष जगदीश गांधी ने अध्यक्ष पद पर पुनः निर्वाचित होने पर सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में समिति ने कोटा के विभिन्न क्षेत्रों में नमकीन एवं कचौरी व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को एक मंच पर लाकर इस व्यवसाय को नई गति देने का कार्य किया है।

उन्होंने बताया कि समिति द्वारा दिसंबर 2025 में एक मेगा इवेंट आयोजित किया गया था, जिसमें देश की प्रसिद्ध एवं नामी कंपनियों को आमंत्रित कर कोटा के नमकीन, कचौरी एवं कड़के सेव के उत्पादों की गुणवत्ता से अवगत कराया गया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कोटा के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग के लिए तैयार करना था। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से कोटा कचौरी एवं कड़के सेव को GI टैग दिलाने के लिए आवेदन किया गया है।

उन्होंने कोटा व्यापार महासंघ से आग्रह किया कि GI टैग की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि पंजीकरण के बाद इन उत्पादों को उपलब्ध विभिन्न सरकारी प्रोत्साहनों एवं योजनाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर कोटा नमकीन व्यापार समिति सस्थापक रामनाथ अग्रवाल, संरक्षक राजेंद्र जैन, अध्यक्ष जगदीश गांधी, महामंत्री प्रमोद पुरुस्वानी, कोषाध्यक्ष सुनील मित्तल उपाध्यक्ष महेश अरोड़ा, संगठन मंत्री शरद गुप्ता, सहमंत्री पुलकित लखानी सहित सभी सदस्यों का अभिनंदन किया गया।