तीन दिवसीय टेंट एवं डेकोर एक्सपो कोटा में आज से, देशभर से हजारों ट्रेडर्स होंगे शामिल

0
98

हाड़ौती के व्यापार, उद्योग, पर्यटन एवं स्थानीय उत्पादों के प्रमोशन के लिए विशेष पांडाल

कोटा। राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति, हाड़ौती टेंट व्यवसायी एवं कोटा टेंट डीलर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में कोटा के दशहरा मैदान पर होने वाले तीन दिवसीय 16वें प्रांतीय महाअधिवेशन टेंट एवं डेकोर एक्सपो-2026 का शुभारंभ आज सायं 6:00 बजे होगा। समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे।

ऑल इंडिया टेंट वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि जिंदल एवं राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसाय समिति के प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा ने बताया कि इस महा अधिवेशन एवं एक्सपो में भाग लेने के लिए देश के 26 राज्यों से करीब 10 से 15 हजार प्रतिभागी कोटा पहुंच रहे हैं।

एक्सपो में 300 से अधिक स्टॉल लगाई गई हैं। देश एवं प्रदेश से आने वाले टेंट संगठनों के पदाधिकारियों को 6 सितम्बर को प्रातः 11:00 बजे बैंड-बाजों एवं बग्गियों के साथ भव्य जुलूस के रूप में आयोजन स्थल पर लाया जाएगा, जहां ध्वजारोहण किया जाएगा।

कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, कार्यक्रम संयोजक दीपक सिंघल एवं सचिव गुरमीत सिंह सन्नी ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री मदन दिलावर करेंगे। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथि विधायक संदीप शर्मा एवं विधायक कल्पना देवी होंगी।

कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि टेंट एंड डेकोर एक्सपो में हाड़ौती के पर्यटन, व्यापार, उद्योग, स्थानीय उत्पादन एवं निवेश की संभावनाओं के प्रमोशन के लिए विशेष बड़ा पांडाल लगाया गया है।

इस पांडाल के माध्यम से हाड़ौती के संपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रमुख पर्यटन स्थलों, औद्योगिक विकास, व्यापारिक गतिविधियों तथा भविष्य में व्यापार एवं उद्योग के विस्तार की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। एलईडी स्क्रीन, चित्रों एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से देशभर से आने वाले टेंट व्यवसायियों एवं विजिटर्स को हाड़ौती के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

इस आयोजन में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन, दी एस एस आई एसोसिएशन एवं कोटा नमकीन व्यापार समिति भी कोटा व्यापार महासंघ के साथ पूर्ण सहयोग कर रही हैं।

इस अवसर पर हाड़ौती प्रमोशन से संबंधित फोल्डर का विमोचन ऑल इंडिया टेंट डीलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि जिंदल एवं प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा द्वारा किया गया। जिसमे कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, कार्यक्रम संयोजक दीपक सिंघल, सलाहकार राजेंद्र सिंह राजावत, उपसंयोजक जवाहर बंसल, उपाध्यक्ष रईस, महामंत्री गुरमीत सिंह एवं कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह सहित समिति के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उन्होंने बताया कि महा अधिवेशन में अनंत ऊर्जा सोलर एक्सपो द्वारा भी 100 से अधिक स्टॉल लगाई गई हैं। इनमें सौर ऊर्जा एवं उससे संबंधित आधुनिक तकनीक और उत्पादों की जानकारी देशभर से आने वाले विजिटर्स एवं व्यवसायियों को उपलब्ध कराई जाएगी।