इंडिया फूड बिजनेस एक्सपो जयपुर में हाड़ोती के व्यापारी भी अपनी भागीदारी निभाएंगे

0
1

कोटा। राजस्थान में खाद्य उद्योग एवं व्यापार को नई दिशा देने के उद्देश्य से जयपुर में 5 से 7 जून को होने जा रहे इंडिया फूड बिजनेस एक्सपो के पोस्टर का विमोचन छावनी स्थित एक होटल पर कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी द्वारा किया गया।

मुख्य अतिथि अशोक माहेश्वरी ने बताया कि हाड़ोती के पर्यटन स्थलों हाड़ोती के स्वादिष्ट व्यंजनों की जानकारी हाड़ोती की संस्कृति के प्रदर्शन के लिए इस तरह के आयोजन हमारे उत्पादों के प्रचार- प्रचार के लिए एक बेहतरीन मंच है।

हाड़ोती को राष्ट्रीय मानचित्र पर लाने के लिए होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन एवं कोटा व्यापार महासंघ भी इस इंडिया फूड बिजनेस एक्सपो में अपनी भागीदारी निभाएगा। इस तीन दिवसीय एक्सपो में खाद्य प्रसंस्करण, फूड पैकेजिंग, होटल एवं हॉस्पिटैलिटी, बेकरी, नमकीन, मसाले, डेयरी, ड्राई फ्रूट्स, ऑर्गेनिक उत्पाद, मशीनरी तथा खाद्य उद्योग से जुड़े अन्य क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण व्यापारिक मंच सिद्ध होगा।

इससे छोटे एवं मध्यम उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और नए बाजारों तक पहुंच बनाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। दी एस एस आई एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजेश गुप्ता एवं विपिन सूद ने बताया कि इस एक्सपो में देशभर से हजारों व्यापारियों, वितरकों, रिटेल चेन, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों, आयातकों- निर्यातकों तथा उद्योग विशेषज्ञों के भाग लेने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान विशेषकर हाड़ौती क्षेत्र के खाद्य व्यापारियों, निर्माताओं एवं उद्यमियों को इस मंच का भरपूर लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस एक्सपो के माध्यम से क्षेत्र के व्यापारियों को नए बाजार, नए ग्राहक और नए व्यापारिक अवसर प्राप्त होंगे। इसमें ज्यादा से ज्यादा हाड़ोती क्षेत्र के पांडाल लगाकर उत्पादनों का प्रदर्शन किया जाना चाहिए

कोटा नमकीन व्यापार समिति के अध्यक्ष जगदीश गांधी ने बताया कि वह इस एक्सपो मे हाड़ोती के प्रसिद्ध नमकीन, कचौरी का राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार प्रसार करेंगे। आने वाले समय में उनका प्रयास है कि हाड़ोती के प्रसिद्ध उत्पादनो का राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मार्केटिंग हो।

इस अवसर पर अशोक माहेश्वरी ने इस आयोजन को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए हाड़ौती क्षेत्र के व्यापारियों एवं उद्योगपतियों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। ताकि हाड़ोती को एक नई पहचान मिल सके। इस आयोजन में हाडोती के व्यापारी, उद्यमियों एवं होटल व्यवसाईयो द्वारा पूरी भागीदारी निभाई जाएगी।