आप भी खरीद रहे हैं वैक्स कोटेड फल, जानिए कैसे पहचाने

1046

नई दिल्ली । बाजार में वैक्स कोटेड फल और सब्जियां खुलेआम बिक रहे हैं, लेकिन जब यही सेब केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के घर पहुंचे तो समस्या बड़ी भी हो गई और कार्रवाई भी शुरू हो गई। इस तरह का फल और सब्जियां आपके घर भी प्रतिदिन पहुंच रही हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कैसे इनकी पहचान करें और इससे क्या नुकसान है?

आपको बता दें कि राम विलास पासवान केंद्र की एनडीए सरकार में उपभोक्ता मामलों का मंत्रालय संभाल रहे हैं। उनके घर जो सेब पहुंचा उस पर न केवल वैक्स चढ़ी थी, बल्कि उस दुकान की जांच करने पर पता चला कि सेब का वजन भी कम था। दोनों मामले उनके मंत्रालय के अंतर्गत ही आते हैं। मामला केंद्रीय मंत्री से जुड़ा था तो आनन-फानन में कई विभागों द्वारा कार्रवाई भी शुरू कर दी गई, लेकिन आम आदमी प्रतिदिन इन समस्याओं से जूझता है और उसे ये भी नहीं पता कि इसकी शिकायत भी की जा सकती है या वो कहां शिकायत दर्ज करा सकता है?

कैसे चेक करें वैक्स हुआ है या नहीं?
वैक्स किया हुआ फल या सब्जी बहुत चमकदार और साफ-सुथरी दिखेगी। शक होने पर आप उसके छिलके को धारदार चीज या नाखून से रगड़ें अथवा खुरचें। ऐसा करने पर अगर आपको कोई सफेद परत या पाउडर जैसा कुछ नजर आता है, तो वो वैक्स है। वैक्स वाला सेब हथेली पर रगड़ने पर भी आपको सफेद पाउडर जैसी चीज दिखेगी या हथेली सामान्य के मुकाबले थोड़ी चिकनी हो जाएगी। इन आसान उपायों से आप फल या सब्जी खरीदते वक्त अथवा घर में लाने के बाद उन पर वैक्स चढ़ा है या नहीं, इसका आसानी से पता लगा सकते हैं।

सिर्फ तीन तरह का वैक्स की अनुमति
केंद्रीय मंत्री के घर वैक्स वाला सेब पहुंचने के बाद FSSAI के एक अधिकारी ने बताया कि आमतौर पर आयात होने वाले फलों पर वैक्स लगा होता है, जो खाने की कैटेगरी वाला होना चाहिए। नियमानुसार फलों व सब्जियों पर सिर्फ तीन तरह का वैक्स लगाया जा सकता है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक नहीं होता है। सामान्यतया सिर्फ एक से दो बूंद वैक्स का ही इस्तेमाल होता है। ये वैक्स जैविक तरीके से तैयार होते हैं, जिसमें सामान्यतः मधुमक्खी के छत्ते से तैयार किया जाता है। यह जरूरी है कि वैक्स कोटेड फल पर लेबल लगाकर इसकी जानकारी दी जाए। पासवान के घर जो सेब आया था उस पर कोई लेबल भी नहीं था।

रसायन वाला सिंथेटिक वैक्स है खतरनाक
नियमानुसार सेब सहित कुछ अन्य फलों और सब्जियों पर निर्धारित मात्रा में प्राकृतिक वैक्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे खाने के लिए सुरक्षित माना जाता है। प्राकृतिक वैक्स सामान्य तौर पर शहद निकालने के बाद मधुमक्खी के छत्ते से तैयार की जाती है। हालांकि, बाजार में उपलब्ध ज्यादातर फलों और सब्जियों पर प्राकृतिक वैक्स की जगह रसायन वाले सिंथेटिक वैक्स का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा इन्हें चमकाने के लिए वार्निश आदि के इस्तेमाल की भी बातें अक्सर सामने आती रहती हैं। इस तरह का फल या सब्जी स्वास्थ्य के लिए बहुत ज्यादा खतरनाक होते हैं।

वैक्स वाले फल से नुकसान
रसायन युक्त वैक्स लगा फल या सब्जी खाने से कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। इस पर चढ़ी मोम की परत आपकी आंतों में जाकर चिपक जाती है। इससे अपच, बदहजमी और पेट दर्द की शिकायत सबसे सामान्य है। इसके अलावा लंबे समय तक ऐसे फल या सब्जी का इस्तेमाल करने से पेट की आंत में कैंसर, आंतों में छाले या इंफेक्शन का खतरा बहुत ज्यादा रहता है। कुछ मामलों में वैक्स युक्त फल या सब्जी खाने से सांस की बीमारी होने का भी खतरा रहता है।

कैसे हटाएं वैक्स
वैक्स की पहचान करना जितना आसान है, खाने से पहले इसे हटाना भी उतना ही जरूरी है। आमतौर पर हम फल या सब्जी को इस्तेमाल से पहले सादे पानी से धोकर ही आश्वस्त हो जाते हैं कि वह साफ हो गया है। वैक्स वाले फल या सब्जी में उसे केवल सादे पानी से धोना या पोछना ही पर्याप्त नहीं होता है। इस तरह के फल या सब्जी को अच्छे से साफ करने के लिए गुनगुने पानी में डुबाकर करीब एक मिनट के लिए छोड़ दें।

गरम पानी में वैक्स पिघल कर अलग हो जाएगा। इसके अलावा सिरके में कपड़ा भिगोकर उससे भी फल या सब्जी को पोछकर और फिर सादे पानी से धोकर साफ कर सकते हैं। पानी में एक चम्मच बेकिंग सोडा और कुछ नींबू की बूंदें डालें। इसमें वैक्स वाले फल या सब्जी को डुबाकर उसे अच्छे से हाथों से रगड़कर साफ कर लें। इसके बाद सादे पानी से धोकर इन्हें खा सकते हैं।