होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन की साधारण सभा सम्पन्न
कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की साधारण सभा की बैठक बुधवार को बूंदी रोड स्थित माहेश्वरी रिसॉर्ट में सम्पन्न हुई। बैठक में पर्यटन विभाग, कोटा के उपनिदेशक विकास पांडेय एवं सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में फेडरेशन के 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए पर्यटन विभाग के उप निदेशक विकास पांडे ने कहा कि उन्होंने उदयपुर, जोधपुर, बासवांडा, जैसलमेर और माउंट आबू जैसे पर्यटन स्थलो पर विभिन्न पदों पर कार्य किया एवं इन क्षेत्रों के पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों से कोटा में उपनिदेशक के रूप में सेवाएं देते हुए हाड़ौती पर्यटन के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण प्रयास किए। हाडोती पर्यटन के सभी क्षेत्रों में राज्य के हर संभाग से ज्यादा संपन्न है।
पांडेय ने कहा कि प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक दृष्टि से हाड़ौती प्रदेश के सबसे समृद्ध पर्यटन क्षेत्रों में से एक है, लेकिन पर्याप्त प्रचार-प्रसार के अभाव में इसे अपेक्षित पहचान नहीं मिल सकी।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के सहयोग एवं सार्थक प्रयासो से कोटा में कई आयोजन हुए। इस वर्ष आयोजित कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट हाड़ौती पर्यटन के लिए मील का पत्थर सिद्ध हुआ है।
पांडेय ने कहा कि अब तक ट्रैवल मार्ट केवल राज्य की राजधानी में आयोजित होते थे, लेकिन पहली बार संभाग स्तर पर कोटा में इसका सफल आयोजन हुआ, जिससे हाड़ौती को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिली।
उन्होंने कहा कि ट्रैवल मार्ट पर्यटन विकास की सबसे बड़ी धुरी है। होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में उनकी टीम द्वारा जिस तरह से यह कार्य किया वह बेमिसाल है।
उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के टूर ऑपरेटर्स, वेडिंग प्लानर्स तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए नियमित फेम टूर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके।
पांडे ने अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे हाड़ौती पर्यटन के विकास के लिए सदैव सक्रिय रहेंगे।
पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यटन विभाग और होटल फेडरेशन मिलकर देशभर में आयोजित होने वाले ट्रैवल मार्ट एवं पर्यटन आयोजनों में हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का प्रभावी प्रचार-प्रसार करेंगे।
फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने कहा कि राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी तथा पर्यटन विभाग की कमिश्नर रुकमणी रियार द्वारा प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। ट्रेवल मार्ट वह अन्य आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए ट्रैवल मार्ट जैसे आयोजन किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से कोटा में कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट सफल एवं सार्थक आयोजन से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाड़ौती की नई पहचान स्थापित हुई है। उसमें निरंतर गति प्रदान करने के लिए वे कटिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन का जहां विकास हुआ है उसको विकसित होने में काफी समय लगता है।
माहेश्वरी ने कहा कि फेडरेशन द्वारा आने वाले समय में हाडोती पर्यटन की दिशा में फेम टूर, कार्यशाला, सेमिनार, कोटा महोत्सव, कोटा हाड़ोती ट्रेवल डेस्टिनेशन वेडिंग प्रमोशन तथा देशभर में आयोजित ट्रैवल मार्ट में भाग लेकर हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार किया जाएगा।
महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि फेडरेशन डिजिटल मार्केटिंग एवं सोशल मीडिया के माध्यम से हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार की योजनाएं बना रहा है।
शहर के प्रवेश द्वारों, शहर के सभी होटलों एवं रिसॉर्ट्स में भी हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों के आकर्षक चित्र एवं जानकारी प्रदर्शित की जा रही है, जिससे बाहर से आने वाले पर्यटकों को क्षेत्र की पर्यटन संपदा की जानकारी मिल सके।
कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने बताया कि फेडरेशन चरणबद्ध तरीके से हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों के भ्रमण को बढ़ावा देने की योजना पर कार्य कर रहा है। प्रथम चरण में मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व का व्यापक प्रचार किया गया, जिससे बड़ी संख्या में वन्यजीव प्रेमियों ने भ्रमण किया।
आगामी चरणों में चंबल सफारी, गड़रिया महादेव तथा अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों का विशेष प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही हाड़ौती जिसमें कोटा, बूंदी, बांरा एवं झालावाड के लगभग 45 लाख निवासियों को भी अपने क्षेत्र के पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए प्रेरित किया जाएगा। ताकि हाड़ोती वासी भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपने -अपने क्षेत्र के पर्यटन स्थलों का प्रचार प्रसार कर सके
बैठक में उपनिदेशक विकास पांडेय के सेवानिवृत्त होने पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन की ओर से उनका अभिनंदन करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए होटल एवं रिसॉर्ट्स को बेहतर आतिथ्य व्यवस्था के लिए तैयार किया जाएगा।
साथ ही कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट एवं कोटा महोत्सव को और अधिक भव्य रूप में आयोजित करने, विभिन्न राज्यों में आयोजित ट्रैवल मार्ट्स में पर्यटन विभाग के साथ हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन करने, राज्यभर के टूर ऑपरेटर्स एवं वेडिंग प्लानर्स के लिए नियमित फेम टूर आयोजित करने तथा पर्यटकों के लिए गाइड, परिवहन एवं अन्य सुविधाओं के विकास हेतु सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में मुख्य सलाहकार राजकुमार माहेश्वरी, अजय खत्री, मुरली नुवाल, अनिल मूंदड़ा, नेवालाल गुर्जर, पवन आहूजा, भवानी सिंह चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अलौकिक जैन, इंद्रजीत सिंह, उपाध्यक्ष नवजोत सिंह, सचिव नदीम अंसारी, अंशुल कंजोलिया, राजेंद्र खटाना, पंकज सोनी, गणपत लाल शर्मा, हितेश चांदवानी, तरुण चतुर्वेदी, अरुण चतुर्वेदी, जयपाल भुल्लर, आकाशदीप आर्य, बीना जैन, रोहित धाकड़ तथा बूंदी इकाई से भगवान मण्डावरा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।





