आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान समारोह 28 को, पोस्टर व प्रशस्ति पत्र का विमोचन

0
15

कोटा। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महिला महासंघ के संयोजन में स्थापित ‘कोटा किटी क्लब’ के तत्वावधान में 28 जून को दोपहर 2 बजे से गीता भवन में ‘आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा।

इस गरिमामयी समारोह के पोस्टर और प्रशस्ति पत्र का विमोचन गुरुवार को मुख्य अतिथि वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. एमएल अग्रवाल एवं वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुणा अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

​कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं द्वारा संचालित किटी समूहों को एक संगठित सोशल मंच प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किटी पार्टियों का स्वरूप केवल मनोरंजन और जलपान तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि ये समूह महिलाओं की अभिव्यक्ति और सशक्तिकरण का बड़ा केंद्र बन चुके हैं।

घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर महिलाएं अपनी एक अलग पहचान बना रही हैं और न्यूनतम निवेश के माध्यम से वित्तीय रूप से सक्षम होकर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रही हैं।

द्वितीय चरण में 75 समूहों की 500 महिलाएं होंगी सम्मानित
​ महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ (रावण सरकार) ने बताया कि देश की आजादी के 79वें वर्ष के उपलक्ष्य में, प्रथम चरण (10 मई, मातृ दिवस) पर 79 किटी समूहों को सम्मानित किया जा चुका है। अब द्वितीय चरण में 75 समूहों की लगभग 500 महिलाओं को मोतियों की माला, दुपट्टा और ‘आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान’ प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।

महिला एकता और स्वावलंबन का नया अध्याय
​विमोचन कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि समाजसेवी संजय गोयल, रामलाल विजय, संदीप चांदीवाला, मयंक अग्रवाल, रचना गोयल, सीमा गांधी और ज्योति यादव, वंदना नायक, उषा चावला, वीणा साहू भी उपस्थित रहीं। मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि कोटा में 500 से अधिक किटी समूह सक्रिय हैं। जिन्हें चरणबद्ध तरीके से इस मंच से जोड़ा जाएगा। यह आयोजन शहर में महिला एकता और स्वावलंबन का एक नया उदाहरण पेश करेगा।