अब पासपोर्ट बनवाना व रिन्यू करवाना हुआ महंगा, 1 जुलाई से लागू होंगी नई दरें

0
15
पासपोर्ट कार्यालय कोटा

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पासपोर्ट और अन्य ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स से जुड़ी सेवाओं की फीस में बड़ा बदलाव किया है। विदेश मंत्रालय द्वारा ‘पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026’ के तहत जारी अधिसूचना के मुताबिक, ये नई दरें 1 जुलाई, 2026 से पूरे देश में लागू हो जाएंगे।

इस बदलाव के बाद अब आम जनता को नया पासपोर्ट बनवाने के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। इन नए नियमों के अनुसार, 18 साल या उससे अधिक उम्र के वयस्कों के लिए 36 पन्नों का नया या दोबारा जारी होने वाला साधारण पासपोर्ट अब 1,500 रुपये की जगह 2,500 रुपये में बनेगा। वहीं, अगर आप इसे तत्काल कोटे के तहत बनवाना चाहते हैं, तो नॉर्मल फीस मिलाकर कुल 5,000 रुपये चुकाने होंगे।

इसके अलावा, जिन लोगों को ज्यादा यात्रा करनी पड़ती है और वे 60 पन्नों का पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं, तो उन्हें साधारण कैटेगरी में 3,500 रुपये (पहले 2,000 रुपये) और तत्काल के लिए 6,000 रुपये देने होंगे। वयस्कों के लिए जारी होने वाले इन पासपोर्ट की वैलिडिटी पहले की तरह 10 साल की ही रहेगी।

बच्चों के पासपोर्ट और खोए-फटे पासपोर्ट की नई दरें
सरकार ने बच्चों (18 साल से कम उम्र के नाबालिगों) के पासपोर्ट की फीस में भी बढ़ोतरी की है। नाबालिगों के लिए 36 पन्नों का नया या रिन्यू होने वाला पासपोर्ट अब 1,000 रुपये के बजाय 1,750 रुपये में बनेगा, जबकि इसके तत्काल आवेदन के लिए 4,250 रुपये की फीस तय की गई है। बच्चों के पासपोर्ट की वैलिडिटी 5 साल या उनके 18 साल के होने तक (जो भी पहले हो) मान्य रहेगी।

हालांकि, सरकार ने 8 साल तक के बच्चों और 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को नए आवेदनों पर मिलने वाली 10 फीसदी की छूट को बरकरार रखा है।

अगर आपका पासपोर्ट कहीं खो जाता है या डैमेज (फट) हो जाता है, तो उसकी जगह नया पासपोर्ट (रिप्लेसमेंट) लेना भी अब महंगा सौदा होगा। वयस्कों के लिए 36 पन्नों का रिप्लेसमेंट पासपोर्ट साधारण कैटेगरी में 5,000 रुपये और तत्काल में 7,500 रुपये का पड़ेगा।

वहीं, 60 पन्नों का रिप्लेसमेंट पासपोर्ट नॉर्मल में 6,000 रुपये और तत्काल में 8,500 रुपये का होगा। बच्चों के मामले में खोए या फटे 36 पन्नों के पासपोर्ट को दोबारा बनवाने का खर्च साधारण श्रेणी में 4,250 रुपये और तत्काल में 6,750 रुपये आएगा।

अन्य सेवाओं की बात करें तो पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC), सरेंडर सर्टिफिकेट, ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम वेरिफिकेशन या अन्य विविध सर्टिफिकेट के लिए अब 750 रुपये की फीस लगेगी। वहीं सर्टिफिकेट ऑफ आइडेंटिटी के लिए 1,000 रुपये तय किए गए हैं, जबकि भारत में इमरजेंसी सर्टिफिकेट के लिए कोई सामान्य फीस नहीं ली जाएगी।

गौरतलब है कि इसी साल मार्च में बहरीन स्थित भारतीय दूतावास ने पासपोर्ट फीस में भारी बढ़ोतरी की खबरों को अफवाह बताते हुए खारिज किया था, लेकिन अब जून में सरकार ने आधिकारिक तौर पर इस नई बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है।