अमेरिका से जब तक फायदा नहीं मिलेगा, तब तक नहीं होगी कोई ट्रेड डील

0
7

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका के सामने साफ किया भारत का रुख

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच होने वाले व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार ने अपना रुख पूरी तरह साफ कर दिया है।

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत तब तक अमेरिका के साथ कोई व्यापार समझौता नहीं करेगा, जब तक कि अमेरिका अन्य प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्थाओं (मुकाबला करने वाले देशों) के मुकाबले भारत को बढ़त (कॉम्पिटिटिव एडवांटेज) देने के लिए सही कानूनी रास्ता और साधन नहीं ढूंढ लेता।

इस समय ब्रिटेन के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर गए पीयूष गोयल ने लंदन में आयोजित एक कार्यक्रम में ये बातें कहीं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “जब तक भारत को प्रतिस्पर्धी बढ़त देने वाला ढांचा (फ्रेमवर्क) फाइनल नहीं हो जाता, तब तक हम अमेरिका के साथ किसी भी समझौते को लागू नहीं कर सकते”।

गोयल ने आगे कहा कि अभी मुख्य रूप से इसी बात पर चर्चा चल रही है कि अमेरिका हमें यह बढ़त देने के लिए कौन से सही साधन और कानूनी रास्ते निकालता है। जिस दिन अमेरिका ऐसा कर लेगा, उसी दिन डील पक्की हो जाएगी।

24 जुलाई को खत्म हो रहा है 10% टैरिफ
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल का यह बयान अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जेमिसन ग्रीर के साथ नई दिल्ली में हुई व्यापार वार्ता के ठीक एक दिन बाद आया है। इस बैठक के तुरंत बाद लंदन पहुंचे गोयल ने कुछ पुराने फैसलों का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा, “अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा (पारस्परिक) टैरिफ को खारिज किए जाने के बाद, और अब इस 10 फीसदी टैरिफ के साथ, जो 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है, हमारे पास उस समझौते को लागू करने की कोई ठोस वजह होनी चाहिए, जिस पर हम सहमत हुए थे।”