अप्रैल में 2% महंगी हुई आपकी थाली, टमाटर और एलपीजी ने बिगाड़ा स्वाद

0
5

नई दिल्ली। आम आदमी की रसोई पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है। अप्रैल 2026 में घर में पकी शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह की थालियों की कीमत में दो प्रतिशत का उछाल आया है।

क्रिसिल की हालिया रोटी राइस रेट’ रिपोर्ट के मुताबिक, टमाटर के लाल होते दाम, महंगे खाद्य तेल और एलपीजी सिलेंडर ने आम आदमी की जेब का बोझ काफी बढ़ा दिया है। आइए, इस पूरी रिपोर्ट को आसान सवालों और जवाबों के जरिए समझते हैं कि आखिर आपकी थाली का स्वाद क्यों और कितना महंगा हो गया है।

क्रिसिल इंटेलिजेंस की रिपोर्ट के अनुसार, भारत के उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम क्षेत्रों के इनपुट मूल्यों के आधार पर अप्रैल 2026 में शाकाहारी और मांसाहारी दोनों थालियों की लागत सालाना आधार पर 2 प्रतिशत बढ़ गई है।

इस बढ़ोतरी के पीछे सबसे बड़ा कारण टमाटर, वनस्पति तेल और रसोई गैस (एलपीजी) के दाम में हुआ इजाफा है। महीने-दर-महीने के आधार पर देखें तो अप्रैल में शाकाहारी थाली की कीमत स्थिर रही, जबकि मांसाहारी थाली 1 प्रतिशत महंगी हो गई।

टमाटर की कीमतों में उछाल क्यों
थाली की कीमत बढ़ने में टमाटर की सबसे अहम भूमिका रही है। पिछले साल के 21 रुपये प्रति किलो के मुकाबले अप्रैल 2026 में टमाटर की कीमतें 38 प्रतिशत बढ़कर 29 रुपये प्रति किलो हो गईं। इसका मुख्य कारण दक्षिणी राज्यों में टमाटर की खेती का रकबा कम होना है, जिससे इसके उत्पादन में 3-4 प्रतिशत की गिरावट आई है। क्रिसिल इंटेलिजेंस के निदेशक पुषन शर्मा के मुताबिक, उत्तरी क्षेत्रों में हीटवेव (लू) की चिंताओं और कमजोर बुवाई के कारण जुलाई-अगस्त के दौरान टमाटर की कीमतें और भी बढ़ सकती हैं।

गैस और तेल ने भी असर डाला
सब्जियों के अलावा वैश्विक आपूर्ति में आई बाधाओं ने भी रसोई का बजट बिगाड़ा है। इसके परिणामस्वरूप, वनस्पति तेल और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में सालाना आधार पर 7-7 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई है, जिसने घरेलू खर्चों को बढ़ा दिया है।

मांसाहारी थाली के महंगे होने की क्या वजह
रिपोर्ट के अनुसार, मांसाहारी थाली की लागत बढ़ने का मुख्य कारण ब्रॉयलर (चिकन) की कीमतों में 2 प्रतिशत का इजाफा होना है, जो कि मांसाहारी प्लेट की कुल लागत का लगभग आधा (50%) हिस्सा होता है। भीषण गर्मी के कारण मुर्गियों की मौत का आंकड़ा बढ़ा है, जिससे बाजार में सप्लाई में कमी आई और इसके दाम बढ़ गए।