कोटा। पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा की वर्ष 2026-29 के लिए नई कार्यकारिणी का निर्वाचन रविवार को माहेश्वरी भवन, झालावाड़ रोड, कोटा में सर्वसम्मति से हुआ।
निर्वाचन प्रक्रिया अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला की देखरेख में सम्पन्न हुई। केंद्रीय पर्यवेक्षक सुरेश कचौलिया एवं सत्येन्द्र बिड़ला के निर्देशन में निर्वाचन अधिकारी नन्दकिशोर काल्या तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी कृष्णगोपाल जाखेटिया ने संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन किया।
निर्वाचन परिणामों के अनुसार महेश चंद्र अजमेरा पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के पुन:अध्यक्ष मनोनीत किये गए। किशनलाल काबरा वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए, जबकि महावीर तोतला, घनश्याम लाल सोनी, कुंज बिहारी माहेश्वरी, कृष्ण कुमार गगरानी एवं राम न्याति उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। आनंद स्वरूप राठी प्रदेश मंत्री, प्रमोद कासट अर्थ मंत्री, घनश्याम नकलक संगठन मंत्री तथा महेश कुमार फलोड़ संयुक्त मंत्री चुने गए।
निर्विरोध निर्वाचन के उपरांत अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा समाज की एकता, संगठन एवं सेवा की गौरवशाली परंपरा को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी समाज के सर्वांगीण विकास, युवाओं एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, शिक्षा, सामाजिक सरोकारों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेश चंद्र अजमेरा ने कहा कि वे पश्चिमांचल के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला के मार्गदर्शन में अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
उन्होंने बताया कि आगामी तीन वर्षों में समाज की सेवा गतिविधियों का व्यापक विस्तार किया जाएगा। विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण, जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, ब्याज मुक्त ऋण, सामाजिक सहायता एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ के अधिकाधिक समाजबंधुओं तक पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और जनोन्मुखी बनाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ेगी।
निर्वाचन के अवसर पर माहेश्वरी समाज के मंत्री बिट्ठलदास मूंदड़ा, नन्दकिशोर काल्या, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार शारदा, सुरेश काबरा, घनश्याम लाठी, प्रमोद कुमार भंडारी, ओमप्रकाश गट्टानी, रामचरण धूत, अविनाश अजमेरा, पूर्व अखिल भारतीय माहेश्वरी महिला संगठन की पूर्व अध्यक्ष आशा माहेश्वरी, मंडल अध्यक्ष सरिता मोहता सहित कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ के पदाधिकारी, महिला मंडलों, युवा संगठनों एवं सेवा संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

