अक्टूबर में निर्यात 5.4% गिरकर 24.82 अरब डॉलर पर आया

637

नई दिल्ली। देश के निर्यात में गिरावट दर्ज की गई है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि पेट्रोलियम प्रॉडक्ट्स, रत्न व आभूषण और लेदर सेक्टर के शिपमेंट में गिरावट के कारण अक्टूबर में वस्तु निर्यात 5.4 फीसदी घटकर 24.82 अरब डॉलर पर आ गया। अक्टूबर 2019 में भारत ने 26.23 अरब डॉलर का वस्तु निर्यात किया था।

आयात भी पिछले महीने 11.56 फीसदी घटकर 33.6 अरब डॉलर पर आ गया। अप्रैल-अक्टूबर अवधि में भारत से 150.07 अरब डॉलर का निर्यात हुआ। यह एक साल पहले की समान अवधि में हुए निर्यात के मुकाबले 19.05 फीसदी कम है।

व्यापार घाटे में 25.34% की गिरावट
बयान में कहा गया कि अक्टूबर में भारत शुद्ध आयातक रहा और इस दौरान देश को 8.78 अरब डॉलर का व्यापार घाटा हुआ। पिछले साल की समान अवधि में व्यापार घाटा 11.76 अरब डॉलर का रहा था। इस तरह से व्यापार घाटे में 25.34 फीसदी की कमी आई है।