The Wealth Report 2023: भारत में तेजी से बढ़ रहे हैं सुपर रिच

0
101

नई दिल्ली। The Wealth Report 2023: अरबपतियों के मामले में तीसरे बड़े देश भारत में अत्यधिक अमीर यानी सुपर रिच (यूएचएनआई) तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रॉपर्टी कंसल्टेंट नाइट फ्रैंक की ‘द वेल्थ रिपोर्ट 2023’ के मुताबिक, पांच साल में देश में 3 करोड़ डॉलर (247 करोड़ रुपए) से ज्यादा संपत्ति वाले लोगों की संख्या 58.4% बढ़कर 19,119 हो जाएगी। 2022 में 12,069 अल्ट्रा हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल थे।

बुधवार को जारी रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि 5 साल में 1 अरब डॉलर यानी 8,237 करोड़ रु से ज्यादा संपत्ति वाले बिलियनेयर्स 21% बढ़कर 195 हो जाएंगे। 10 लाख डॉलर यानी 8.23 करोड़ रु से ज्यादा की संपत्ति वाले व्यक्तियों (एचएनआई) की संख्या 107% बढ़कर 16,57,272 हो जाएगी।

नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन शिशिर बैजल ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत ने तेज आर्थिक रफ्तार देखी है। इसके साथ ही नई संपत्ति बनाने वाले वैश्विक स्टार्टअप हब के तौर पर भी भारत मजबूत स्थिति में पहुंच गया है।

भारत के पास अभी न सिर्फ ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनने, बल्कि इन्फ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी जैसे अन्य क्षेत्रों में भी तेज ग्रोथ के मौके हैं। यही वजह है कि यहां अमीरों की संख्या में तेज बढ़ोतरी होने की संभावना है।

नाइट फ्रैंक के मुताबिक, भारत के सबसे धनवान 1% लोगों की लिस्ट में शामिल होने के लिए कम से कम 1.44 करोड़ रुपए की संपत्ति चाहिए। इस मामले में दक्षिण अफ्रीका, फिलीपींस और केन्या की स्थिति भारत से बेहतर है।

25 देशों की इस लिस्ट में भारत 22वें स्थान पर और मोनाको अव्वल है, जहां टॉप 1% अमीरों में शामिल होने के लिए 102 करोड़ रुपए की संपत्ति चाहिए। स्विटजरलैंड दूसरे स्थान पर है, जहां इस लिस्ट में शामिल होने के लिए 54.4 करोड़ रुपए चाहिए।