Stock Market: IT शेयरों के समर्थन से सेंसेक्स एवं निफ्टी हरे निशान पर बंद

0
5

नई दिल्ली। Stock Market Closed: शेयर बाजार सोमवार को हरे निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 77.05 अंक यानी 0.10% तेजी के साथ 75,315.04 अंक पर एवं निफ्टी 6.45 अंक यानी 0.03% की मामूली तेजी के साथ 23,649.95 पर लगभग फ्लैट बंद हुआ।

पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने और कच्चे तेल में तेजी से आज घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट आई। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 1,000 अंक से अधिक गिर गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 300 अंक से अधिक गिर गया।

लेकिन आईटी शेयरों में तेजी से मामला बदल गया। आखिरकार सेंसेक्स 77.05 अंक यानी 0.10% तेजी के साथ 75,315.04 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 6.45 अंक यानी 0.03% की मामूली तेजी के साथ 23,649.95 अंक पर लगभग फ्लैट बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 में से 16 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। टेक महिंद्रा में सबसे ज्यादा 4.97 फीसदी तेजी आई। इसके अलावा इन्फोसिस, भारत एयरटेल, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, एचसीएल टेक और टीसीएस में भी अच्छी तेजी रही। दूसरी ओर टाटा स्टील में सबसे ज्यादा 3.09 फीसदी गिरावट आई। पावरग्रिड, एसबीआई, एनटीपीसी, मारुति, ट्रेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा में गिरावट रही।

दिग्गज शेयरों के साथ-साथ छोटे और मझोले शेयरों (ब्रॉडर मार्केट) पर भी दबाव साफ नजर आया। निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.21 फीसदी से लेकर 1.49 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी मिडकैप इंडेक्स भी मामूली कमजोरी के साथ बंद हुए।

सेक्टरों की बात करें तो जहां IT सेक्टर सबसे ज्यादा फायदे में रहा, वहीं मीडिया, PSU बैंक, ऑटो, मेटल और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। बैंकिंग सेक्टर के प्रमुख इंडेक्स निफ्टी बैंक में 0.32 फीसदी की गिरावट रही, जबकि निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज लगभग बिना किसी बदलाव के सपाट बंद हुआ।