नई दिल्ली। Stock Market Update, April 17, 2026: एशियाई बाजारों में गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के अंतिम ट्रेडिंग सेशन यानी शुक्रवार (17 अप्रैल) को मामूली बढ़त के साथ खुले। सेंसेक्स 154 अंकों की बढ़त के साथ 78142 पर पहुंच गया है। जबकि, निफ्टी 16 अंक ऊपर 24216 के लेवल पर है। एनएसई पर 2545 स्टॉक्स ट्रेड कर रहे हैं। इनमें 2080 हरे और 394 लाल हैं।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) सपाट रुख के साथ 77,976.13 अंक पर खुला। गुरुवार को यह 77,988 पर बंद हुआ था। सुबह 9:33 बजे यह 95.38 अंक या 0.12 फीसदी की बढ़त लेकर 78,084.06 पर चल रहा था।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 (Nifty-50) 24,165 अंक पर लगभग सपाट खुला। सुबह 9:35 बजे यह 12.40 अंक या 0.05 फीसदी की मामूली गिरावट लेकर 24,184 . 35 पर ट्रेड कर रहा था।
एफएमसीजी सेक्टर की कंपनियों में खरीदारी से बाजार को समर्थन मिल रहा है। हालांकि, निवेशक अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को लेकर और अधिक स्पष्टता के इंतजार के बीच सतर्क रुख अपना रहे हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने दोहराया कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध जल्द खत्म होना चाहिए। उन्होंने गुरुवार को यह भी घोषणा की कि लेबनान और इज़राइल 10 दिनों के युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इज़राइल द्वारा लेबनान पर हमले रोकना, ईरान की उन प्रमुख शर्तों में से एक था, जिसके बाद वह युद्ध खत्म करने को तैयार हुआ। इसके अलावा, अमेरिका और ईरान इस मुद्दे पर चर्चा के लिए सप्ताहांत में बैठक करने वाले हैं।
ग्लोबल मार्केट के संकेत
एशियन मार्केट का हाल
अमेरिका-ईरान युद्ध को लेकर सतर्कता के बीच एशियाई बाजारों में शुक्रवार को गिरावट रही। जापान का निक्केई 225 0.7 फीसदी गिर गया, और टॉपिक्स 0.62 फीसदी गिर गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.43 फीसदी गिर गया जबकि कोस्डैक 0.35 फीसदी गिर गया। हांगकांग हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने गिरावट के साथ खुलने का संकेत दिया।
गिफ्ट निफ्टी टुडे
गिफ्ट निफ्टी 24,140 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 56 अंकों की छूट है। यह भारतीय शेयर बाजार के सूचकांकों के लिए नकारात्मक शुरुआत का संकेत देता है।
वॉल स्ट्रीट का हाल
अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को उच्च स्तर पर बंद हुए। नैस्डैक और एसएंडपी 500 ने इंट्राडे रिकॉर्ड ऊंचाई को छू लिया। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 115.00 अंक या 0.24 फीसदी बढ़कर 48,578.72 पर पहुंच गया, जबकि एसएंडपी 500 18.33 अंक या 0.26 फीसदी बढ़कर 7,041.28 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट 86.69 अंक या 0.36 फीसदी बढ़कर 24,102.70 पर बंद हुआ।

