Market: महीने के पहले दिन शेयर मार्केट लहूलुहान, निवेशकों के 10 लाख करोड़ डूबे

0
6

नई दिल्ली। Stock Market Updates 3:15 PM- सितंबर में शेयर बाजार में भारी बिकवाली रही और निवेशकों को लाखों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। माना जा रहा था कि अक्टूबर का महीना निवेशकों के लिए खुशियां लेकर आएगा क्योंकि ऐतिहासिक रूप से यह महीना शेयर बाजार के लिए अच्छा रहा है। लेकिन महीने के पहले ही दिन गुरुवार को निवेशकों को 10 लाख करोड़ रुपये का झटका लगा। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 1.5% से ज्यादा की गिरावट आई। लगातार विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली, बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और अन्य कारणों से निवेशक डरे हुए थे।

बीएसई सेंसेक्स करीब 1,100 अंक गिरकर 71,400 के नीचे आ गया, जबकि निफ्टी 50 में करीब 400 अंक की गिरावट आई और यह 22,300 के नीचे चला गया। इस भारी बिकवाली के कारण बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप लगभग 10 लाख करोड़ रुपये कम होकर 462 लाख करोड़ रुपये से नीचे आ गया।

इन शेयरों में आई गिरावट
आज M&M, मारुति सुजुकी, टाटा स्टील, अडानी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, ITC, HUL और BEL के शेयरों में 3-4% की गिरावट आई और ये सेंसेक्स में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयर रहे। वहीं ट्रेंट, L&T, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, एटरनल और टाइटन के शेयरों में 2% से ज्यादा गिरावट आई। इसके उलट, HDFC बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में लगभग 1% की बढ़त देखी गई। ब्रॉडर मार्केट में भी भारी गिरावट आई। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में लगभग 2% की गिरावट दर्ज की गई। दोपहर बाद बिकवाली तेज होने के साथ ही बाजार में उतार-चढ़ाव मापने वाला इंडिया VIX 12% से ज्यादा बढ़कर 15.15 पर पहुंच गया।

शेयर बाजार में गुरुवार को भी गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत हुई। वैश्विक बाजारों से जो संकेत मिल रहे थे वह सही साबित हुए। सेंसेक्स 288 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार शुरू किया। खबर लिखे जाने तक यह 144 अंक गिरकर 72,335 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी ने 77 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार शुरु किया था और खबर लिखे जाने तक 64 अंक फिसलकर 22,555 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

इस बीच सेंसेक्स के 30 शेयरों में से कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में सबसे अधिक उछाल दिखा। यह मार्केट की शुरुआत होते ही 2.68 फीसदी बढ़त के साथ हरे निशान में 428.80 पर ट्रेड करते हुए दिखा।

बीते कई दिनों से मार्केट में गिरावट दिख रही है। इस बीच आज कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में बड़ा उछाल दिखा है। जानकार बता रहे हैं कि यह तेजी नए एमडी सह सीईओ के चयन के ऐलान के बाद आई है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोटक महिंद्रा बैंक ने आज गुरुवार को अनुप कुमार साहा को अपना नया एमडी और CEO नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 1 जनवरी 2027 से प्रभावी होगी। अनुप का कार्यकाल तीन साल का होगा।

अनुप साहा की बात करें तो अभी वे कोटक महिंद्रा बैंक में कार्यकारी निदेशक (Executive Director) के रूप में कार्यरत हैं। उनके पास कुल 32 वर्षों से अधिक का अनुभव है, जिसमें 25 साल केवल बैंकिंग और गैर बैंकिंग वित्तीय सेवाओं में बड़ा अनुभव शामिल है।

एशियाई बाजार और Gift Nifty को देखकर लग रहा था कि चौथा दिन भी बिकवाली के नाम हो सकता है। हालांकि, क्रूड ऑयल की कीमतें पॉजिटिव ट्रिगर की तरह काम करने की उम्मीद थी। क्रूड बेंचमार्क ब्रेंट फिलहाल 0.72 फीसदी की गिरावट के साथ 97.32 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।

सेंसेक्स के टॉप गेनर्स और लूजर्स

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 10 में तेजी और 20 में गिरावट दर्ज की गई।

सेंसेक्स के टॉप गेनर्ससेंसेक्स के टॉप लूजर्स
कोटक महिंद्रा बैंक (2.68%)महिंद्रा एंड महिंद्रा (1.71%)
इन्फोसिस (2.19%)भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (1.46%)
टीसीएस (1.65%)पावरग्रिड (1.15%)
एचसीएल टेक (1.44%)लार्सन एंड टुब्रो (1.13%)
एचडीएफसी बैंक (0.70%)अल्ट्राटेक सीमेंट (1.06%)


निफ्टी के टॉप गेनर्स और लूजर्स

10 बजे निफ्टी के 50 शेयरों के टॉप गेनर्स और लूजर्स

निफ्टी के टॉप गेनर्सनिफ्टी के टॉप लूजर्स
कोटक महिंद्रा बैंक (3.48%)बजाजा ऑटो (6.88%)
इन्फोसिस (1.76%)ग्रासिम (3.15%)
एचसीएल टेक (1.54%)इटरनल (2.19%)
एचडीएफसी लाइफ (1.38%)आयशर मोटर्स (1.97%)
टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स (1.32%)महिंद्रा एंड महिंद्रा (1.96%)