नई दिल्ली। Stock Market Update: शेयर मार्केट में कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन आज शुक्रवार को रौनक लौटी है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन सेंसेक्स-निफ्टी में हरियाली है। बीएसई का 30 शेयरों वाला इंडेक्स 504 अंकों की उछाल के साथ 76657 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी ने 37 अंकों की बढ़त के साथ आज के कारोबार की शुरुआत 23910 के लेवल से की।
इससे पहले गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार लगातार चौथे दिन गिरावट के संग बंद हुए। सेंसेक्स ने 417 अंक नीचे 76,152 पर बंद हुआ। जबकि, निफ्टी 50 ने 41 अंक गंवाए। यह 23,873 पर बंद हुआ।
आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी
शुरुआती कारोबार में सबसे ज्यादा तेजी आईटी शेयरों में देखने को मिली। निफ्टी आईटी करीब 1.34 फीसदी चढ़ा हुआ था। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 में करीब 0.43 फीसदी की बढ़त थी। दूसरी तरफ ऑटो और एफएमसीजी शेयरों में हल्का दबाव दिखा। निफ्टी ऑटो करीब 0.31 फीसदी और निफ्टी एफएमसीजी करीब 0.15 फीसदी नीचे था। निफ्टी मिडकैप 100 भी करीब 0.07 फीसदी फिसला हुआ था।
एचसीएल टेक, बजाज फिनसर्व और अल्ट्राटेक में तेजी
सेंसेक्स के शेयरों में शुरुआती कारोबार में बजाज फिनसर्व करीब 2.56 फीसदी, एचसीएल टेक 2.29 फीसदी और अल्ट्राटेक सीमेंट 1.77 फीसदी चढ़े हुए थे। मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर और टाइटन में भी एक फीसदी से ज्यादा की तेजी दिखी। इसके अलावा कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा, अडाणी पोर्ट्स, एसबीआई और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
बाजार में तेजी के कारण
- बाजार की मजबूत शुरुआत के पीछे वैश्विक बाजारों से मिले अच्छे संकेत अहम रहे। गुरुवार को अमेरिकी बाजारों में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। डाउ जोंस 1.18 फीसदी, एसएंडपी 500 करीब 1.06 फीसदी और नैस्डैक 1.4 फीसदी चढ़कर बंद हुए थे।
- अमेरिकी फेडरल रिजर्व के गवर्नर क्रिस्टोफर वॉलर के ब्याज दरों को लेकर नरम संकेत से भी बाजार को राहत मिली। एशियाई बाजारों में भी सुबह बढ़त देखने को मिली।
- हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और महंगा कच्चा तेल अभी बाजार के लिए बड़ा जोखिम बने हुए हैं। इसलिए शुरुआती तेजी के बावजूद निवेशकों की नजर कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक घटनाक्रम पर बनी रहेगी।

