Stock Market: मार्केट की तेजी पर ब्रेक, सेंसेक्स 646 अंक गिरा, निफ्टी 24408 पर

0
7

नई दिल्ली। Stock Market Update 9:45 AM, April 22, 2026 :: एशियाई बाजारों से कमजोर संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार (22 अप्रैल) को गिरावट में खुले।  सेंसेक्स अब 646 अंकों की भारी गिरावट के साथ 78627 के लेवल पर आ गया है। निफ्टी 167 अंक नीचे 24408 पर आ गया है।

एचसीएलटेक, टेक महिंद्रा, टीसीएस और इन्फोसिस सेंसेक्स में सबसे अधिक गिरने वाले शेयर हैं। केवल हिन्दुस्तान यूनीलीवर, एनटीपीसी, टाटा स्टील और अल्ट्राटेक ही हरे निशान पर हैं। शुरुआती कारोबार में ही एचसीएलटेक 8.62 प्रतिशत टूटकर 1317 रुपये पर आ गया है।

टेक महिंद्रा में 4.32 पर्सेंट की गिरावट है औऔर यह 1436 पर है। इन्फोसिस में 2.79 प्रतिशत का नुकसान है और यह 1276.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। टीसीएस में 1.48 प्रतिशत की गिरावट है और यह 2571.80 रुपये पर आ गया है।

अमेरिका और ईरान के बीच मंगलवार को समझौता नहीं हो पाने के बाद निवेशकों को डर है कि यह भू-राजनीतिक तनाव लंबे समय तक चल सकता है। इसका असर बाजार पर देखने को मिल रहा है। इसके अलावा एचसीएल टेक के नेतृत्व में आईटी शेयरों में बिकवाली ने बाजार को नीचे खींचा है।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 79,019 पर खुला। जबकि मंगलवार को यह 79,273 पर बंद हुआ था। सुबह 9:25 बजे यह 453.05 अंक या 0.57 प्रतिशत की गिरावट लेकर 78,820.28 पर चल रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 24,470 पर खुला। जबकि मंगलवार को यह 24,500 के ऊपर बंद हुआ था। सुबह 9:28 बजे यह 117.90 अंक या 0.48 फीसदी की गिरावट लेकर 24,495 . 20 पर ट्रेड कर रहा था।

टॉप लूजर्स एंड गेनर्स
सेंसेक्स के शेयरों में एचसीएल टेक सबसे ज्यादा टूट गया। इसमें 9 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रहीहै। टेक महिंद्रा, इंफोसिस, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक और पावर ग्रिड सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर रहे। वहीं, हिंदुस्तान यूनिलीवर, ट्रेंट, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक और बजाज फाइनेंस में बढ़त देखी गई।

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 3 प्रतिशत गिरा। इसके बाद बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर में भी कमजोरी रही। इसके उलट, निफ्टी एफएमसीजी, मीडिया, मेटल, पीएसयू बैंक, रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में तेजी देखने को मिली। ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स लगभग सपाट रहा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।

अमेरिका-ईरान युद्ध विराम बढ़ा
अमेरिका ने ईरान के साथ युद्धविराम को तब तक बढ़ा दिया है, जब तक ईरान एक साझा समाधान प्रस्ताव पेश नहीं करता। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने इस विस्तार की घोषणा करते हुए ‘ईरान की सरकार में गंभीर अंदरूनी विभाजन’ का हवाला दिया और यह जानकारी ट्रुथ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दी। निवेशकों को चिंता है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत विफल होने के बाद भू-राजनीतिक तनाव लंबे समय तक बना रह सकता है।

ग्लोबल मार्केट के संकेत
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा युद्धविराम बढ़ाने के बाद एशियाई सत्र में अमेरिकी शेयर फ्यूचर्स में तेजी देखी गई। यह फैसला तब तक लागू रहेगा, जब तक ईरान एक साझा समाधान प्रस्ताव पेश नहीं करता। एसएंडपी 500 और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल फ्यूचर्स क्रमशः 0.60 प्रतिशत और 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं, पिछले सेशन में नैस्डैक कंपोजिट और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज दोनों 0.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। एसएंडपी 500 भी 0.63 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

ज्यादातर एशियाई बाजारों में बुधवार सुबह गिरावट देखी गई। निवेशकों को चिंता है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत विफल होने के बाद भू-राजनीतिक तनाव लंबे समय तक बना रह सकता है। हैंग सेंग और कोस्पी क्रमशः 1.11 प्रतिशत और 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं, इस रुझान के उलट जापान का निक्केई 225 सूचकांक 0.83 प्रतिशत चढ़ गया।