नई दिल्ली। Re NEET UG 2026 City Intimation Slip : देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 के री-एग्जाम का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए अहम अपडेट सामने आई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी NTA ने री-एग्जाम के लिए एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है।
अब उम्मीदवार यह जान सकते हैं कि उनका परीक्षा केंद्र किस शहर में बनाया गया है, ताकि वे समय रहते अपनी यात्रा और ठहरने की व्यवस्था कर सकें। सिटी इंटिमेशन स्लिप आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है और छात्र अपने आवेदन विवरण की मदद से इसे डाउनलोड कर सकते हैं।
21 जून को होगा NEET UG 2026 री-एग्जाम
मई में आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। इसके बाद केंद्र सरकार और एनटीए ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। अब यह री-एग्जाम 21 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक ऑफलाइन यानी पेन-एंड-पेपर मोड में होगी। परीक्षा का आयोजन भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में किया जाएगा।
सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड में अंतर
कई छात्र सिटी इंटिमेशन स्लिप को एडमिट कार्ड समझ लेते हैं, लेकिन दोनों अलग-अलग दस्तावेज हैं। सिटी स्लिप केवल यह जानकारी देती है कि उम्मीदवार का परीक्षा केंद्र किस शहर में होगा। इसमें परीक्षा केंद्र का पूरा पता नहीं दिया जाता। दूसरी ओर, एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र का सटीक पता, रिपोर्टिंग समय और परीक्षा से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारी होती है। एनटीए ने साफ किया है कि एडमिट कार्ड बाद में अलग से जारी किया जाएगा।
ऐसे डाउनलोड करें सिटी इंटिमेशन स्लिप
- सबसे पहले NEET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर दिखाई दे रहे “NEET (UG) 2026 Re-Examination City Intimation Slip” लिंक पर क्लिक करें।
- इसके बाद अपना आवेदन संख्या, जन्मतिथि और सुरक्षा पिन दर्ज करें।
- जानकारी भरने के बाद लॉगिन करें।
- स्क्रीन पर आपकी सिटी इंटिमेशन स्लिप दिखाई देगी।
- परीक्षा शहर की जानकारी जांचें और भविष्य के लिए इसका प्रिंट या पीडीएफ सुरक्षित रख लें
छात्रों से अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी
री-एग्जाम को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि दोबारा परीक्षा के लिए उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही छात्रों को नए सिरे से परीक्षा शहर चुनने का विकल्प भी दिया गया था, ताकि उन्हें कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
परीक्षा से पहले क्या करें उम्मीदवार
सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी होने के बाद छात्रों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने परीक्षा शहर की जानकारी ध्यान से जांच लें। अगर परीक्षा शहर दूसरे राज्य या दूर के इलाके में है, तो यात्रा की योजना पहले से बना लें। साथ ही एडमिट कार्ड जारी होने पर उसमें दी गई सभी जानकारियों को भी सावधानी से मिला लें।

