नई दिल्ली। Market Cap: भारतीय शेयर बाजार में पिछले हफ्ते काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इसके बावजूद बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। देश की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से चार के मार्केट कैप में कुल करीब 1.43 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। इस दौरान सरकारी क्षेत्र के बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) को सबसे ज्यादा फायदा हुआ।
पिछले हफ्ते BSE का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 404.53 अंक यानी 0.51 फीसदी बढ़ा। वहीं, NSE का निफ्टी भी 187.05 अंक यानी 0.76 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के रिसर्च एसवीपी अजीत मिश्रा के मुताबिक, F&O शेयरों के लिए शुरू किए गए नए क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (CAS) फ्रेमवर्क, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के मौद्रिक नीति से जुड़े फैसले और दुनिया भर में जारी भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण निवेशकों ने सावधानी से कारोबार किया। इसी वजह से बाजार में पूरे हफ्ते उतार-चढ़ाव बना रहा।
देश की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज, SBI, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को पिछले हफ्ते फायदा हुआ। वहीं, भारती एयरटेल, HDFC बैंक, ICICI बैंक, बजाज फाइनेंस, LIC और हिंदुस्तान यूनिलीवर को नुकसान उठाना पड़ा। इन छह कंपनियों के कुल मार्केट कैप में करीब 1.23 लाख करोड़ रुपये की कमी आई।
मार्केट वैल्यू बढ़ने के मामले में SBI सबसे आगे रहा। बैंक के मार्केट कैप में 63,922.03 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और यह बढ़कर 10,11,721.84 करोड़ रुपये हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज की वैल्यूएशन 32,816.4 करोड़ रुपये बढ़कर 18,01,925.19 करोड़ रुपये पहुंच गई।
TCS का मार्केट कैप 31,875.35 करोड़ रुपये बढ़ा और यह 8,87,770.13 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, L&T की मार्केट वैल्यू में 14,637.76 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 5,56,482.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
दूसरी तरफ, LIC को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। कंपनी की वैल्यूएशन 40,543.23 करोड़ रुपये घटकर 4,96,891.82 करोड़ रुपये रह गई। बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 37,168.96 करोड़ रुपये घटकर 6,73,648.55 करोड़ रुपये हो गया। HDFC बैंक की मार्केट वैल्यू में 24,183.16 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 11,27,967.47 करोड़ रुपये रह गई।
ICICI बैंक का मार्केट कैप 9,507.67 करोड़ रुपये घटकर 10,20,370.63 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, भारती एयरटेल की वैल्यू 7,581.65 करोड़ रुपये कम होकर 12,22,423.98 करोड़ रुपये रह गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप भी 4,793.16 करोड़ रुपये घटकर 4,88,808.97 करोड़ रुपये हो गया।
मार्केट वैल्यू के हिसाब से रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद भारती एयरटेल, HDFC बैंक, ICICI बैंक, SBI, TCS, बजाज फाइनेंस, L&T, LIC और हिंदुस्तान यूनिलीवर का नंबर है।

