नई दिल्ली। Stock Market Opened: पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद में आज एशियाई बाजार में तेजी आई है। इसका असर घरेलू शेयर बाजार पर भी दिख रहा है। बीएसई का 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 511 अंकों की उछाल के साथ 74035 के लेवल पर खुला।
जबकि, एनएसई के 50 शेयरों वाले सूचकांक निफ्टी ने शतक के साथ मंगलवार के कारोबार की शुरुआत की। निफ्टी 136 अंक ऊपर 23259 के लेवल पर खुलने में कामयाब रहा। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 350 अंक से अधिक तेजी आई है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 100 अंक ऊपर कारोबार कर रहा है। इस बीच रुपया डॉलर के मुकाबले 0.25% ऊपर 95.4650 पर खुला। पिछले सत्र में यह 95.7075 पर बंद हुआ था।
सुबह 9.23 बजे सेंसेक्स 357.82 अंक यानी 0.49% तेजी के साथ 73,882.08 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी भी 113.95 अंक यानी 0.49% ऊपर 23,236.95 अंक पर पहुंच गया।
सभी सेक्टर्स में तेजी दिख रही है। सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर तेजी के साथ खुले। इंडिगो और ट्रेंट में एक फीसदी से अधिक तेजी रही। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, इटरनल, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और आईटीसी में अच्छी तेजी रही। दूसरी ओर केवल अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर मामूली गिरावट के साथ खुला।
निफ्टी में ट्रेंट, इंटरग्लोब एविएशन और ग्रासिम इंडस्ट्रीज में सबसे ज्यादा तेजी रही। ब्रॉडर मार्केट्स में निफ्टी मिडकैप में 0.83 फीसदी तेजी आई है जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 0.63 फीसदी तेजी के साथ काम कर रहा है। सेक्टरवाइज देखें तो निफ्टी रियल्टी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी बैंक में तेजी आई है। दूसरी ओर निफ्टी आईटी में गिरावट आई है।
ग्लोबल मार्केट के संकेत
एशियाई बाजार
वॉल स्ट्रीट पर टेक मार्केट में रातोंरात बढ़त के बाद एशियाई बाजारों में मंगलवार को तेजी रही। जापान का निक्केई 225 0.1% बढ़ा, जबकि टॉपिक्स 0.27% बढ़ा। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 3.31% की तेजी आई, जबकि कोस्डैक ने 4% की छलांग लगाई। हांगकांग हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने कम खुलने का संकेत दिया।
वॉल स्ट्रीट का हाल
अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को मिश्रित रूप से समाप्त हुआ, जिसमें शॉर्ट-कवरिंग के बीच चिप निर्माताओं में लाभ हुआ। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 80 अंक या 0.16% गिरकर 50,786 पर आ गया, जबकि एसएंडपी 500 21 अंक या 0.30% बढ़कर 7,405 पर पहुंच गया। नैस्डैक कंपोजिट 220 अंक या 0.86% बढ़कर 25,929 पर बंद हुआ।
अमेरिका-ईरान तनाव पर नजर
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेशकों की निगाहें अमेरिका-ईरान और इजरायल से जुड़े घटनाक्रमों पर टिकी हैं। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक ईरान और इजरायल ने हमले रोकने पर सहमति जताई है, हालांकि तेहरान ने चेतावनी दी है कि यदि लेबनान में हिजबुल्लाह पर हमले जारी रहे तो वह फिर सैन्य कार्रवाई कर सकता है।

