Kota Dussehra: वाद्य यंत्रों की संगीतमय जुगलबंदी देख मंत्रमुग्ध हुए श्रोता

0
32

कोटा। Kota Dussehra 2026: राष्ट्रीय दशहरा मेला में गुरुवार को विजयश्री रंगमंच पर आज ‘झंकार’ कार्यक्रम के तहत ‘ताल कचहरी’ का आयोजन हुआ। जिसमें विभिन्न शास्त्रीय वाद्य यंत्रों की जुगलबंदी से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध किया गया। कलाकारों ने अपनी अनूठी लयकारी और थाप से हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।

राजधानी में संगीत और कला की अनूठी संस्था द्वारा आयोजित ‘झंकार’ कार्यक्रम के मंच पर सुर, ताल और लय का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण ‘ताल कचहरी’ में देश के प्रतिष्ठित और उभरते कलाकारों ने अपने हुनर का ऐसा प्रदर्शन किया कि कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शास्त्रीय संगीत की परंपरा को जीवंत करते हुए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

जुगलबंदी ने जीता दिल
‘ताल कचहरी’ की शुरुआत पारंपरिक वाद्य यंत्रों की वंदना के साथ केसरिया बालम पधारो म्हारे देश से किया इसके बाद मंच पर तीन ताल, तबला, पखावज, मृदंगम और घटम जैसे वाद्य यंत्रों के बीच एक अनोखा संवाद (जुगलबंदी) शुरू हुआ। कलाकारों ने तीन ताल, झपताल और एकताल की विभिन्न शैलियों को इतनी बारीकी और खूबसूरती के साथ पेश किया कि श्रोता मंत्रमुग्ध होकर झूमने लगे। धीमी लय से शुरू होकर द्रुत गति तक पहुँचते-पहुँचते वाद्य यंत्रों की थाप ने दर्शकों की धड़कनों को बढ़ा दिया।

हुनर और कला का बेजोड़ प्रदर्शन
कार्यक्रम में वरिष्ठ उस्तादों ने पायो जी मैने राम रतन धन पायो.. सरीखे भजनों पर अपनी कला का लोहा मनवाया। युवा कलाकारों ने भी अपनी असाधारण प्रतिभा से सबका ध्यान आकर्षित किया। द्रुत गति के सोलो (एकल) वादन और फिर सामूहिक रूप से विभिन्न वादकों के बीच की ‘सवाल-जवाब’ की कड़ियों ने ‘ताल कचहरी’ के मुख्य स्वरूप को सार्थकता दी। प्रत्येक कलाकार अपनी विधा में माहिर नजर आया और उनकी अंगुलियों की जादुई छुअन ने हर एक वाद्य यंत्र से सुमधुर ध्वनियाँ उत्पन्न कीं।

कोटा मेला दशहरा में बाल प्रतिभा कार्यक्रम आज
मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आज विजयश्री रंगमंच पर रात्रि 8.30 बजे ‘बाल प्रतिभा कार्यक्रम’ का आयोजन किया जाएगा। महापौर अनुसूइया गोस्वामी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विधाओं में नन्हें-मुन्ने बच्चों द्वारा एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। दर्शक यहाँ जहाँ बच्चों के एकल गायन और वादन के कायल होंगे, वहीं विभिन्न सांस्कृतिक एवं आधुनिक गीतों पर मनमोहक समूह नृत्य भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

लेजर, साउंड और लाइट शो आज से, जीवंत होंगे रामायण के प्रसंग
विजयश्री रंगमंच पर शुक्रवार से दो दिवसीय भव्य लेजर, साउंड एंड लाइट शो का आयोजन किया जाएगा। महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि इस शो को प्रभावी एवं आकर्षक बनाने के लिए एक विशाल गॉज स्क्रीन को कैनवास के रूप में प्रयोग में लाया जाएगा। लेजर एनीमेशन और बीम शो के माध्यम से हवा में तैरते हुए रंग-बिरंगे और जीवंत दृश्य दर्शकों के समक्ष उकेरे जाएंगे। पूरे कार्यक्रम को एक सुनियोजित नाटक का रूप प्रदान किया गया है, जो मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र को अत्यंत सुंदर ढंग से प्रदर्शित करेगा।