Kota Dussehra: अनुपमा यादव और आलम राज ने भोजपुरी नाइट में मचाया हंगामा

0
79

कोटा। Kota Dussehra-2023 : राष्ट्रीय मेला दशहरा -2023 के अन्तर्गत गुरुवार को विजयश्री रंगमंच पर भोजपुरी स्टार नाइट में जमकर हंगामा बरपा। भोजपुरी गायिका अनुपमा यादव ने “ले ला पुदीना..” गाना शुरु किया तो मंच के सामने उपस्थित भीड़ कोलाहल करते हुए खड़ी हो गई। हर कोई ठुमके लगाता नजर आया। उन्होंने शुरुआत “गंगा जी नहइबो..” से की तो छठ मैया के जयकारों से मेला परिसर गूंज उठा।

इसके बाद देवी गीत “पियर फराक वाली.. हरी हरी ओढ़नी..” के द्वारा माता की स्तुति की। उन्होंने अपना सुपरहिट गीत “दिल ना लगाहा.. एही खातिर आरा अईले.. न्यू ईयर मनि आरा में.. आ जईहे पांच के दुल्हे का सहरा… मोहब्बत को तारस जाओगे… बबुनिया नाच के देखावा…” पर झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद” ओ साथी रे.. सनेटिया लगावल.. पुदीना.. प्यार काल्ह परसों… गाकर जबर्दस्त धमाल मचाया। कार्यक्रम का अन्त भी छठ मैया की स्तुति करते हुए किया।

इससे पहले आलम राज ने भी भोजपुरी गायकी का जादू बिखेरा। आलम राज के “दर्द अभी ताजा बा.. तू बाडू लाजवाब.. प्यार व्यापार..” सरीखे गीत गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उन्होंने शुरूआत गणेश वंदना से करते हुए देवी गीतों की प्रस्तुति दी। उन्होंने झूला झुलाई.. गाया तो युवा झूम उठे।

का हाल चाल बा.. ठीक बा
मंच से यादव ने दर्शकों से भोजपुरी में पूछा, का हाल चाल बा.. तो दर्शक भी कह उठे, “ठीक बा..” कार्यक्रम में बीच बीच में नृत्य की प्रस्तुतियां भी दी गई। अनुपमा ने मंच से कहा, एक बिहारी.. तो दर्शकों ने जवाब में कहा, सब पर भारी। कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त दयावती सैनी, अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास, गौतमलाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।