Dussehra: पगड़ी में झलकी राजपुताना संस्कृति, महिपाल ने जीती साफा प्रतियोगिता

0
72

कोटा। Kota Dussehra 2023: राष्ट्रीय दशहरा मेला-2023 में गुरुवार को राजस्थानी पगड़ी के विविध रंग देखने को मिले। मेले के विजयश्री रंगमंच पर साफा बांधो प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें राजस्थान के हर क्षेत्र की पगड़ी नजर आई।

इस दौरान 30 प्रतिभागियों ने दो मिनट में मोठडा, चुनडी, राजपूती, पचरंगी, जोधपुरी, मेवाडी समेत अनेक प्रकार के साफे बांधे। लाल, पीले, हरे और केसरिया रंग के साफे राजपुताने की संस्कृति का परिचय दे रहे थे।

प्रतियोगिता में बूंदी के महिपाल सिंह को प्रथम स्थान दिया गया। वहीं 7 साल के विहान पंचोली ने द्वितीय व आदित्य सिंह तृतीय रहे। नन्हें विहान ने 2 मिनट से भी पहले साफा बांधकर हर किसी का दिल जीत लिया। इस अवसर पर महिला प्रतियोगी भी हिस्सा लेने पहुंची। अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास, गौतम लाल तथा किशोरपुरा सीआई हरलाल मीणा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।

किसान रंगमंच पर सजी गीतों भरी शाम
राष्ट्रीय मेला दशहरा -2023 के अन्तर्गत गुरुवार को किसान रंगमंच की शाम सुहाने सुमधुर गीतों से सजी। विभिन्न गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीतों की जोरदार प्रस्तुति दी। कलाकारों ने “केसरिया बालम आओ नी पधारो म्हारे देश.. छोटी सी उमर परणाई बाबोसा.. करयो थारो कांईं रे कसूर.. तलवारों पे सर वार दिए.. संदेशे आते हैं..” सरीखे गीतों पर लोगों को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया। “यह देश है वीर जवानों का…” गीत पर दर्शक झूम उठे। स्काउट गाइड की ओर से जादू की प्रस्तुति दी गई।