रात में फ्लाईओवर और मुख्य मार्गों की धुलाई, सुबह वार्डों में विशेष सफाई अभियान

0
1

महापौर अनसुईया गोस्वामी के निर्देश पर निगम ने प्रारंभ किया विशेष अभियान

कोटा। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए महापौर अनुसुईया गोस्वामी के निर्देश पर नगर निगम ने सफाई का विशेष अभियान शुरू किया है। इसकी शुरुआत शनिवार देर रात महापौर गोस्वामी ने खुद श्रमदान कर की।

रात के सन्नाटे में जब शहर के लोग अपने घरों में थे, तब महापौर अनुसुईया गोस्वामी पार्षदों और निगम अधिकारियों के साथ राम जानकी मंदिर से एसी वाले गणेश जी मंदिर फ्लाईओवर पर पहुंचीं और सफाईकर्मियों के साथ मिलकर गंदगी और कालिख से सनी दीवारों की धुलाई की। करीब चार घंटे तक चले इस अभियान में फ्लाईओवर के आधे हिस्से की सफाई की गई। पानी से धुलाई के बाद फ्लाईओवर की दीवारें साफ-सुथरी नजर आने लगीं।

महापौर गोस्वामी ने बताया कि नगर निगम और कोटा विकास प्राधिकरण की ओर से हाल ही में शहर के फ्लाईओवर और प्रमुख मार्गों की चारदीवारी पर आकर्षक चित्रकारी करवाई गई है। इससे शहर की सुंदरता में इजाफा हुआ है, लेकिन कई स्थानों पर दीवारों पर कालिख, गंदगी और लोगों की ओर से थूकने के कारण इनकी सुंदरता प्रभावित हो रही है। ऐसे में अब इन स्थानों की नियमित सफाई के साथ विशेष धुलाई अभियान चलाने का निर्णय किया गया है।

अभियान के पहले चरण में शहर के सभी फ्लाईओवर की रात के समय पानी से धुलाई करवाई जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में प्रमुख मार्गों और उनकी दीवारों की सफाई होगी। अभियान की शुरुआत रामजानकी मंदिर से एसी वाले गणेशजी मंदिर की ओर जाने वाले फ्लाईओवर से की गई।

आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि महापौर ने स्वयं श्रमदान कर अभियान की शुरुआत की और पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ सफाई कार्य में सहभागिता निभाई। इस दौरान पार्षद सुदर्शन गौतम, कुलदीप मेहरा, रवि शर्मा, सुनील गौतम, पुरुषोत्तम यादव, नंद कंवर हाड़ा, सुनीता नायक, सुनीता सेन, सीमा चौधरी, शोमा अहलूवालिया, दीपिका शर्मा, सुरेंद्र अग्रवाल, पुष्पा चौधरी एवं दुर्गेश शर्मा ने भी श्रमदान किया।

महापौर ने सफाई के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन फ्लाईओवर की धुलाई हो चुकी है, वहां दोबारा गंदगी जमा नहीं होने दी जाए। इसके लिए नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त भावना सिंह और स्वास्थ्य अधिकारी रिचा गौतम ने बताया कि फ्लाईओवर के शेष हिस्से की सफाई रविवार रात को होगी। इसके बाद शहर के अन्य फ्लाईओवर पर भी इसी तरह अभियान चलाया जाएगा। शहर के सभी फ्लाईओवर की धुलाई के बाद मुख्य मार्गो की धुलाई का अभियान चलाया जाएगा।

हर दिन तीन वार्डों में विशेष सफाई अभियान
शहर के फ्लाईओवर और मुख्य मार्गों की रात्रिकालीन धुलाई के साथ ही नगर निगम ने सभी वार्डों में सुबह के समय भी विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि महापौर के निर्देश पर रविवार को इसकी शुरुआत उनके गृह वार्ड से की गई। अभियान में महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने भी श्रमदान किया। उनको सफाई करते देखा वार्ड के लोग भी श्रमदान के लिए आगे आए। अभियान में प्रतिदिन तीन वार्डों में 20 अतिरिक्त श्रमिक लगाकर विशेष सफाई करवाई जाएगी। इस दौरान सड़कों के साथ नालों, खाली भूखंडों, झाड़ियों, कचरा पॉइंट और अन्य गंदगी वाले स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एकत्रित कचरे को तत्काल उठाकर ट्रांसफर किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही वार्डवार विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा।