नई दिल्ली। Gold Silver Price Update : एमसीएक्स पर सोमवार, 7 सितंबर को सुबह के कारोबार में सोना-चांदी के भाव लुढ़क गए। इसकी वजह घरेलू बाजार में कमजोर स्पॉट डिमांड यानी तत्काल मांग और कमजोर वैश्विक संकेत हैं। अमेरिका से आए मजबूत रोजगार के आंकड़ों ने फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंकाओं को हवा दे दी है।
एमसीएक्स पर गोल्ड सुबह 9:15 बजे के करीब 0.30% गिरकर ₹1,52,315 प्रति 10 ग्राम पर आ गया, वहीं सिल्वर 0.33% की गिरावट के साथ ₹2,36,885 प्रति किलो पर कारोबार कर रहा था। वहीं, अमेरिकी बाजार में गोल्ड फ्यूचर्स डॉलर इंडेक्स में मामूली तेजी के बीच 0.75% गिरकर $4,436.49 प्रति ट्रॉय औंस पर आ गया।
गिरावट का बड़ा कारण
शुक्रवार को आए आंकड़ों के बाद सोने-चांदी के दामों में गिरावट आई। इन आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में रोजगार वृद्धि में उछाल आया है, जबकि अगस्त में बेरोजगारी दर 4.1% पर स्थिर रही। इससे श्रम बाजार में सुधार का संकेत मिला और अगले हफ्ते अमेरिकी फेड द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावनाओं को बल मिला है।
एलपीएल फाइनेंशियल के मुख्य अर्थशास्त्री जेफरी रोच ने कहा, “अगस्त में रोजगार के आंकड़ों में 1,62,000 की बढ़ोतरी हुई है, जबकि जुलाई के आंकड़ों में 21,000 का ऊपरी संशोधन किया गया है। यह रिपोर्ट शायद FOMC के कुछ और वोटिंग सदस्यों को दर बढ़ोतरी के पक्ष में ले आएगी। अगस्त की मजबूत पेरोल रिपोर्ट को देखते हुए FOMC पर 16 सितंबर को दर बढ़ाने का दबाव बढ़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि अगर नीति निर्माता कार्रवाई नहीं करते हैं तो बाजार और ज्यादा अस्थिर हो सकते हैं।”

