नई दिल्ली। Gold Price: घरेलू मार्केट में सोने-चांदी के भाव में आज मंगलवार को भी गिरावट का रूख रहा। MCX में 10 ग्राम सोने का भाव 146030 रुपये पर आ गया है। जबकि, चांदी भी 225042 रुपये प्रति किलो पर आ गई है। सुबह 9:53 बजे एमसीएक्स सिल्वर कल के बंद भाव से 1112 रुपये टूटकर 225042 रुपये प्रति किलो पर आ गई।
सोने के भाव में 754 रुपये की गिरावट है। बता दें एमसीएक्स पर जो रेट चल रहे हैं, उसके आसपास ही सर्राफा बाजारों में सोने-चांदी के रेट खुलते हैं। एमसीएक्स के आंकड़ों के अनुसार, 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर था और तब से लेकर आज की डेट तक 47061 रुपये तक सस्ता हो चुका है।वहीं, एमसीएक्स सिल्वर का ऑल टाइम हाई 4,20,048 रुपये है और यह 195006 रुपये सस्ता हो चुका है।
इंटरनेशनल मार्केट में भाव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत में सोमवार को आई तेज गिरावट के बाद मंगलवार को मामूली सुधार देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड करीब 0.2% बढ़कर 4,126.52 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इससे पहले सोमवार को सोने की कीमत करीब 4 फीसदी गिरकर सात सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गई थी। चांदी में भी सोमवार को लगभग 6 फीसदी की बड़ी गिरावट आई थी। मंगलवार को इसमें करीब 0.2 फीसदी की तेजी दर्ज की गई और कीमत करीब 60.77 डॉलर प्रति औंस रही।

