नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: पश्चिम एशिया में एक बार फिर संकट गहरा गया है। इससे आज सोने और चांदी कीमत में तेजी आई है। एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में सोने की कीमत में 1,000 रुपये और चांदी की कीमत में 5,000 रुपये से अधिक तेजी आई है।
ईरान ने धमकी दी है कि अगर इजरायल ने लेबनॉन में सैन्य कार्रवाई बंद नहीं को तो वह अमेरिका के साथ चल रही बातचीत बंद कर देगा और होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह ब्लॉक कर देगा। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी कहना है कि अगर ईरान के साथ बातचीत बंद हो गई है तो उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह बातचीत बोरिंग होने लगी थी।
एमसीएक्स पर 5 अगस्त की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,59,241 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था और आज यह 1,59,449 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 1,000 रुपये से अधिक तेजी के साथ 1,60,400 रुपये तक उछला। सुबह 11.20 मिनट पर यह 983 रुपये की तेजी के साथ 1,60,224 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
इसी तरह 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी भी 4,340 रुपये यानी 1.63 फीसदी तेजी के साथ 2,70,503 रुपये पर ट्रेड कर रही थी। पिछले सत्र में यह 2,66,163 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी और आज 2,66,202 रुपये पर खुली।
शुरुआती कारोबार में यह 5,233 रुपये की तेजी के साथ 2,71,396 रुपये तक उछली। गुड रिटर्न्स के मुताबिक सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,66,220 रुपये, 22 कैरेट की कीमत 1,43,200 रुपये और 18 कैरेट की कीमत 1,17,170 रुपये है। चांदी की कीमत 2,80,000 रुपये प्रति किलो पर है।

