Coriander: धनिया की कीमतों में अधिक मंदे की संभावना नहीं, जानिए क्यों

0
11

नई दिल्ली। Coriander Price: गत सप्ताह के दौरान धनिया की कीमतों में 5/7 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की गई है। वर्तमान हालात को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है है कि अभी कीमतों में ओर तेजी संभव है क्योंकि एक ओर मंडियों में स्टॉक कम रह गया है वहीं हाल-फिलहाल आयात की भी कोई संभावना नहीं है।

इसके अलावा इस वर्ष पानी की कमी के चलते बिजाई भी पूर्वानुमानों की तुलना में कम रहने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष कीमतों में रिकॉर्ड तेजी आने के कारण संभावना व्यक्त की जा रही थी कि बिजाई क्षेत्रफल में 30/40 प्रतिशत की वृद्धि होगी मगर बारिश की कमी के चलते बिजाई क्षेत्रफल में आशानुरूप वृद्धि की संभावना नहीं है।

हालांकि यह सच है कि बिजाई क्षेत्रफल गत वर्ष की तुलना में अवश्य ही बढ़ेगा। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष उत्पादक राज्य गुजरात, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में धनिया की बिजाई 2.97 लाख हेक्टेयर पर की गई थी जबकि वर्ष 2025 में बिजाई का क्षेत्रफल 3.36 लाख हेक्टेयर का रहा था।

कुल उत्पादन का 80/85 प्रतिशत माल मंडियों में आ जाने के कारण मंडियों में किसानी मालों की आवक काफी कम रह गई है। गुजरात की गोंडल मंडी में 700/800 बोरी एवं राजकोट 200/300 बोरी की चल रही है जबकि राजस्थान की रामगंज मंडी में 1000/1500 बोरी एवं बारां 400/500 बोरी की आवक हो रही है। मध्य प्रदेश की गुणा मंडी में आवक 1500/1800 बोरी की चल रही है जबकि अन्य मंडियों में कुम्भराज, नीमच, अशोकनगर 400/500 बोरी की रह गई है।

चालू सीजन के दौरान धनिया की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी का प्रमुख कारण देश में विगत तीन वर्षों से धनिया का घटता उत्पादन माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में देश में धनिया का उत्पादन 1.60 करोड़ बोरी का रहा था जोकि वर्ष 2024 में घटकर 1.20 करोड़ बोरी एवं वर्ष 2025 में 1.10 करोड़ बोरी का रह गया। चालू सीजन 2026 के दौरान उत्पादन और घटकर 95/97 लाख बोरी का रह गया।

पैदावार में कमी आने के कारण स्टॉक भी लगातार घट रहा है। सूत्रों का कहना है कि चालू सीजन के दौरान नई फसल के समय धनिया का बकाया स्टॉक 24/25 लाख बोरी का माना गया था जबकि वर्ष 2027 में नई फसल की आवक के समय समाप्त हो जाएगा। वर्तमान में प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात में धनिया का स्टॉक 8/10 लाख बोरी के अलावा मध्य प्रदेश में 10/12 लाख बोरी धनिया का स्टॉक होने के समाचार है जबकि राजस्थान में स्टॉक 4/5 लाख बोरी की संभावना है।

सूत्रों का कहना है कि धनिया की वर्तमान कीमतों में मंदे की संभावना नहीं है। आगामी दिनों में भाव तेज रहने की संभावना है। वर्तमान उत्पादक केन्द्रों पर धनिया ईगल के भाव 148/150 रुपए एवं बादामी 142/145 रुपए बोला जा रहा है। अभी नई फसल में 5/6 माह का समय शेष है जबकि स्टॉक 24/25 लाख बोरी का है जबकि आगामी 5/6 माह की खपत के लिए लगभग 40/42 लाख बोरी की आवश्यकता होगी।

चालू सीजन के दौरान धनिया के भाव ऊंचे होने के कारण धनिया का निर्यात प्रभावित हुआ है। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में धनिया का निर्यात मात्रात्मक रूप में 24 प्रतिशत घटा है लेकिन निर्यात भाव अधिक मिलने के कारण आय में 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल-जून- 2026 के दौरान धनिया का निर्यात 14556 टन का किया गया और निर्यात से प्राप्त आय 214.52 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल-जून – 2025 में धनिया का निर्यात 19101 टन का रहा था और प्राप्त आय 191.57 करोड़ की रही। वर्ष 2025-26 (अप्रैल-मार्च) के दौरान धनिया का कुल निर्यात 60211 टन का रहा था और निर्यात से प्राप्त आय 679.70 करोड़ की रही।