एक्टर ऋषि कपूर का 67 साल की उम्र में कैंसर से निधन

0
1000

मुंबई। अभिनेता ऋषि कपूर (67) को गुरुवार सुबह मुंबई के एचएन.रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में निधन हो गया। उनके भाई रणधीर कपूर ने इसकी पुष्टि की। वह 2 साल से कैंसर से लड़ रहे थे। बुधवार सुबह ऋषि को हॉस्पिटल ले जाया गया था। उनको सांस लेने में तकलीफ थी। ऋषि की मौत के बाद अमिताभ बच्चन सहित कई बॉलिवुड सिलेब्स ने ट्वीट किए हैं। बता दें कि इरफान खान की मौत के दूसरे दिन ऋषि कपूर का जाना पूरे देश के लिए बड़े सदमे की बात है।

ऋषि पिछले साल सितंबर में अमेरिका से भारत लौटे थे। वहां करीब एक साल तक उनका कैंसर ट्रीटमेंट चला। जानकारी के मुताबिक, ऋषि कपूर को चेस्ट इन्फेक्शन, सांस लेने में दिक्कत और हल्का बुखार है। उनका कोविड-19 टेस्ट भी कराया जाएगा। दो स्पेशलिस्ट डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।

महाराष्ट्र सरकार ने स्पेशल पास जारी किया था
पिछले गुरुवार से उनकी सेहत खराब बताई गई है। उन्हें भर्ती भी कराया गया था, लेकिन चार घंटे बाद डिस्चार्ज कर दिया गया था। अस्पताल जाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने उन्हें स्पेशल पास भी जारी किया था। उनकी मेडिकल रिपोर्ट बीएमसी और हेल्थ डिपार्टमेंट को भी भेजी गईं थीं।

2 साल पहले हुआ था कैंसर
2018 में ऋषि कपूर को कैंसर हुआ था। इलाज के लिए वो अमेरिका गए थे। वहां 11 महीने रहने के बाद पिछले साल सितंबर में भारत लौटे थे। अमेरिका में पूरे वक्त उनके साथ पत्नी नीतू ही थीं। बेटा रणबीर कपूर कई बार उनसे मिलने न्यूयॉर्क गए थे। कुछ दिनों पहले ऋषि ने एक इंटरव्यू में कहा था, “अब मैं बहुत बेहतर महसूस कर रहा हूं। और कोई भी काम कर सकता हूं। सोच रहा हूं कि एक्टिंग दोबारा कब शुरू करूं। पता नहीं लोगों को अब मेरा काम पसंद आएगा भी या नहीं। न्यूयॉर्क में मुझे कई बार खून चढ़ाया गया था। तब मैंने नीतू से कहा था- उम्मीद करता हूं कि नए खून के बावजूद मैं एक्टिंग नहीं भूलूंगा।” 

चाहने वाले न्यूयॉर्क पहुंचे थे
ऋषि जब न्यूयॉर्क में इलाज करा रहे थे तो उनके दोस्त और चाहने वाले वहां लगातार उनकी सेहत का हाल जानने जाते रहे। इनमें प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट, अनुपम खेर, आमिर खान, शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, करण जौहर और मलाइका अरोरा शामिल थे। ऋषि आखिरी बार इमरान हाशमी के साथ पर्दे पर नजर आए।

फरवरी में दो बार अस्पताल में भर्ती हुए थे ऋषि
 ऋषि कपूर फरवरी में दो बार अस्पताल में भर्ती हुए थे। एक बार जब वे दिल्ली में एक पारिवारिक कार्यक्रम में भाग लेने  गए थे तो उन्हें वहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय खुद ऋषि ने कहा था कि वह “संक्रमण” से पीड़ित थे। मुंबई लौटने के बाद, उन्हें फिर से वायरल बुखार के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी तबियत जल्दी सुधर जाने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।

एक महीने से सोशल मीडिया से दूर 
सोशल मीडिया पर लॉजिकल और अग्रेसिव कमेंट्स के लिए मशहूर ऋषि ने 2 अप्रैल के बाद ट्विटर अकाउंट पर कुछ भी पोस्ट नहीं किया। उन्होंने बीते दिनों दीपिका पादुकोण के साथ हॉलीवुड फिल्म “द इंटर्न” के रीमेक में काम करने की घोषणा भी की थी।

ऋषि ने कहा था- आजकल कपूरों पर टाइम भारी है

पृथ्वीराज कपूर के पोते और राज कपूर के बेटे
चिंटू के नाम से मशहूर ऋषि का जन्म 4 सितंबर 1952 को मुंबई के चेम्बूर में हुआ था। वे राज कपूर के दूसरे नंबर के बेटे और पृथ्वीराज कपूर के पोते थे। उन्होंने मुंबई के कैंपियन स्कूल और अजमेर के मेयो कॉलेज में अपने भाइयों के साथ पढ़ाई की। रणधीर कपूर उनके बड़े भाई और राजीव कपूर उनके छोटे भाई हैं। ऋषि और नीतू के दो बच्चे हैं- रणबीर और रिदीमा।

ऋषि की फिल्मी यात्रा
ऋषि कपूर ने 1970 में पिता की फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ से डेब्यू किया था। इस फिल्म में ऋषि ने अपने पिता के बचपन का किरदार निभाया था। ऋषि कपूर ने बतौर लीड एक्टर 1973 में आई फिल्म ‘बॉबी’ से शुरुआत की थी। अपने करियर में 1973-2000 तक 92 फिल्मों में रोमांटिक हीरो का किरदार निभाया। बतौर सोलो लीड एक्टर 51 फिल्मों में अभिनय किया। ऋषि अपने जमाने के चॉकलेटी हीरो में से एक थे। उन्होंने पत्नी नीतू के साथ 12 फिल्मों में अभिनय किया।

ऋषि ने निर्देशन में भी हाथ आजमाया। उन्होंने 1998 में अक्षय खन्ना और ऐश्वर्या राय बच्चन अभिनीत फिल्म ‘आ अब लौट चलें’ निर्देशित की। ऋषि कपूर ने अपने करियर की शुरुआत से हमेशा ही रोमांटिक किरदार निभाया था, लेकिन फिल्म ‘अग्निपथ’ में उनके खलनायक के किरदार को देख सभी हैरान रह गए। ऋषि को इसके लिए आईफा बेस्ट नेगेटिव रोल के अवार्ड से भी नवाजा गया।

ऋषि कपूर और इरफान डी-डे फिल्म में एक साथ नजर आए थे
यह सीन डी-डे फिल्म का है। यह फिल्म 2013 में रिलीज हुई थी। इसमें ऋषि कपूर और इरफान खान ने एकसाथ काम किया था। इरफान खान का बुधवार और ऋषि कपूर का गुरुवार को निधन हुआ। इरफान को ब्रेन कैंसर और ऋषि को ब्लड कैंसर था।