गृहस्थी शुरू करने का हर जरूरी सामान मुहैया करवाऊंगा: बिरला

0
667

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सोमवार सुबह ट्रेन से दिल्ली से कोटा पहुंचे। जंक्शन से ही बिरला बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने कोटा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की ओर रवाना हो गए। उन्होंने सबसे पहले खेड़ली फाटक क्षेत्र की नंदा जी की बावड़ी पहुंचकर पीडि़त लोगों से मिले और उनका दुख-दर्द जाना। यहां बिरला ने कहा कि आपकी गृहस्थी शुरू करने के लिए अनाज, दाल, आटा ही नहीं बर्तन कपड़े और हर जरूरी सामान मुहैया करवाऊंगा। जिन लोगों के घर डूब या टूट गए उन्हें फिर से तैयार करेंगे।

राज्य सरकार को बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए पूरी मदद की जाएगी। किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है। मैं हर हाल में आपके साथ खड़ा हूं। हर स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद बिरला राहत कैम्पों में जाकर बाढ़ पीडि़तों से मिले और उनका दुख-दर्द जाना। उन्होंने कहा कि घरों में पानी घुसने से गृहस्थी का सामान बह गया है।

प्रशासन व जनसहयोग के माध्यम से लोगों को घर-गृहस्थी के सामान दिलवाए जाएंगे ताकि वे अपना समान्य जीवन जी सके। उन्होंने कहा कि चंबल और कालीसिंध के तटीय क्षेत्रों में बाढ़ के हालात भयावह है। कई गांव टापू बने हुए हैं। इन गांवों में जानमाल को बचाना ही पहली प्राथमिकता है। इसके बाद उनके मकान व आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे।

बाढ़ से घिरा कोटा का नयापुरा क्षेत्र।

इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष केशवरायपाटन क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए रवाना हो गए। बिरला डूब क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेकर लोगों से बात करेंगे। साथ ही प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश देंगे। इटावा क्षेत्र का दौरा कर लोगों का दर्द बांटेंगे। इसके बाद कोटा के टेगौर हॉल में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर बाढ़ से उपजे हालातों की समीक्षा करेेंगे। इस दौरान स्टेशन पर उतरते ही बिरला ने कहा कि कोटा की जनता की एक आवाज पर उनके साथ खड़ा रहूंगा।