विश्व को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा एक पेड़ मां के नाम अभियान: बिरला

0
12

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को एक पेड़ मां अभियान के तहत वल्लभबाड़ी स्थित गुरू गोबिंद सिंह पार्क में पौधारोपण किया। बिरला ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी अपनी मां के नाम से एक पौधा जरूर लगाएं और जैसे एक मां अपने बच्चों की देखभाल करती है, उन्हें संस्कार देती है वैसे ही आपके द्वारा लगाए पौधे की पेड़ बनने तक सार-संभाल करें। मां के नाम समाज को दिया यह अनुपम उपहार आपके जीवन में अविस्मरणीय रहेगा।

बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश भर में आंदोलन का रूप ले चुका माँ को समर्पित यह अभियान हमें और खासतौर पर नई पीढ़ी को ‘’पर्यावरण के लिए अनुकूल जीवन शैली अपनाने के प्रति भी जागरूक बनाएगा साथ ही पूरे विश्व को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में संदेश देगा। बिरला की मौजूदगी में कई सामाजिक संस्थाओं, संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पौधारोपण किया।

11 लाख पौधे लगाएंगे
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि कोटा एक जीवंत शहर है, सामाजिक और राजनीतिक रूप से लोग बेहद जागरूक हैं। अब हमें पर्यावरण के लिए भी जागृति लानी होगी। 11 लाख पौधे लगाने का संकल्प है, इसके लिए हम सभी को गंभीरता से प्रयास करने होंगे। यह प्रयास तभी सफल होंगे जब हर व्यक्ति एक पौधा मां के नाम अभियान को व्यक्तिगत लक्ष्य बना ले। पूरे कोटा को मिलकर इस अभियान को जनआंदोलन बनाना है। इस दौरान शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, वरिष्ठ भाजपा नेता पंकज मेहता, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णकुमार सोनी, महापौर राजीव भारती, मंडल अध्यक्ष अनिल शर्मा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।