Lok Sabha election: लोकसभा चुनाव के छठे चरण का 58 सीटों पर मतदान आज

0
5

मेनका गांधी, मनोहर लाल खट्टर और महबूबा मुफ्ती समेत कई दिगज्जों की प्रतिष्ठा दांव पर

नई दिल्ली। Lok Sabha election: लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान आज है। इस चरण में आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 58 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। इन सीटों पर कुल 889 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

जिन सीटों पर मतदान होना है, उनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, हरियाणा के चौटाला परिवार के तीन सदस्य और भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी और दिनेश लाल यादव निरहुआ की भी सीटें शामिल हैं।

मेनका गांधी: उत्तर प्रदेश की सुल्तानपुर लोकसभा सीट इस चुनाव में एक चर्चित सीट बनी हुई है। यहां से भाजपा की तरफ से पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी चुनाव मैदान में हैं। हालांकि, शुरुआत में संशय बना हुआ था कि सुल्तानपुर से भाजपा मेनका को ही मौका देगी या किसी अन्य चेहरे को।

दरअसल, पीलीभीत में मेनका के बेटे वरुण गांधी का टिकट काट दिया गया था। इस चुनाव में भाजपा नेता के सामने सपा ने पूर्व विधायक रामभुआल निषाद को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं बसपा ने जिला पंचायत सदस्य उदयराज वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा से मेनका गांधी जीती थीं। उस चुनाव में यहां 56.37% मतदान दर्ज किया गया था।

मनोहर लाल: इस चुनाव में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी किस्मत आजमा रहे हैं। हरियाणा की करनाल सीट से भाजपा ने मनोहर लाल खट्टर को उतारा है। मार्च 2024 में नायब सिंह सैनी की ताजपोशी से पहले वह हरियाणा के मुख्यमंत्री थे।

अब विधायकी से इस्तीफा देकर लोकसभा की जंग में उतरे हैं। उनके सामने युवा कांग्रेस प्रदेश के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा हैं। इसके अलावा जजपा ने देवेंद्र कादियान को मौका दिया है। बीते चुनाव में करनाल में भाजपा के संजय भाटिया ने जीत दर्ज की थी। 2019 में यहां 68.35% वोटिंग दर्ज की गई थी।

महबूबा मुफ्ती: छठे चरण में जम्मू कश्मीर की अनंतनाग-राजोरी लोकसभा सीट पर भी वोटिंग है। पीडीपी से पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती चुनाव लड़ रही हैं। वहीं मुफ्ती के सामने जम्मू कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस से मियां अल्ताफ अहमद उतरे हैं। भाजपा ने कश्मीर की तीनों ही सीटों पर अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। 2019 में यहां जेकेएनसी से हसनैन मसूदी को जीत दर्ज की थी। बीते चुनाव में अनंतनाग-राजोरी लोकसभा सीट पर मात्र 8.98% लोगों ने मतदान किया था।

मनोज बनाम कन्हैया: राजधानी दिल्ली की उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से वर्तमान में भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी सांसद हैं। इस बार भी भाजपा ने मनोज तिवारी को उत्तर पूर्वी दिल्ली से अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने उनके सामने जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार को मैदान में उतारा है। पूर्वांचल और बिहार से आने वाले दो चर्चित चेहरों के यहां से उतरने के कारण मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

राधा मोहन सिंह: केंद्र सरकार में कृषि मंत्री रह चुके राधा मोहन सिंह बिहार की पूर्वी चंपारण सीट से चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। उनके सामने इंडिया गठबंधन से डॉ. राजेश कुमार हैं जो विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के उम्मीदवार हैं। 2019 में पूर्वी चंपारण सीट पर भाजपा के राधा मोहन सिंह को सफलता मिली थी। बीते चुनाव में यहां 60.3% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

निरहुआ बनाम धर्मेंद्र यादव: देश की हॉट सीटों में शामिल आजमगढ़ में भी छठे चरण में मतदान है। यहां मुलायम सिंह यादव के भतीजे और पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव सपा के टिकट पर मैदान में हैं। वहीं, भाजपा ने भोजपुरी कलाकार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ पर भरोसा जताया है जो आजमगढ़ के मौजूदा सांसद भी हैं। बसपा ने मशहूद अहमद को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोमांचक बनाने की कोशिश की है।

चौटाला परिवार: लोकसभा चुनावों में हरियाणा की हिसार सीट चर्चा में है। यह सीट चौधरी देवीलाल के परिवार के लिए विरासत पर दावेदारी की लड़ाई बन चुकी है। हिसार सीट पर मुकाबला चतुष्कोणीय हो गया है। चौटाला परिवार के तीन सदस्यों के साथ पूर्व सांसद जयप्रकाश जेपी यहां कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं। भाजपा ने चौधरी देवीलाल के बेटे रणजीत चौटाला को मैदान में उतारा है। रणजीत अभी रानियां विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक हैं। हाल ही में वह भाजपा में शामिल हुए थे जिसके बाद उन्हें हिसार सीट से मैदान में उतार दिया गया है।

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने सुनैना चौटाला को मैदान में उतारा है। सुनैना इनेलो की महिला विंग की प्रधान महासचिव हैं। रणजीत चौटाला सुनैना चौटाला के रिश्ते में चाचा सुसर हैं। जननायक जनता पार्टी ने हिसार सीट से ओम प्रकाश चौटाला की बहू नैना चौटाला को मैदान में उतारा है। पूर्व उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की मां नैना अभी राज्य की बाढड़ा सीट से विधायक हैं। वहीं कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता जय प्रकाश जेपी पर दांव लगाया है।

बांसुरी स्वराज: नई दिल्ली सीट दिल्ली की हॉट लोकसभा सीट में गिनी जा रही है। यहां से भाजपा की उम्मीदवार पूर्व विदेश मंत्री एवं दिवंगत भाजपा नेता सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज हैं। पेशेवर वकील बांसुरी पहली बार अपनी सियासी किस्मत आजमा रही हैं। उनके सामने आम आदमी पार्टी ने भी वकील और पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती को चेहरा बनाया है। इसके अलावा आप सरकार में मंत्री रहे और विधायक राजकुमार आनंद बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

दीपेंद्र हुड्डा: हरियाणा की जिन सीटों पर रोचक मुकाबला होने की उम्मीद है, उनमें रोहतक भी है। यहां कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा को उम्मीदवारी थमाई है। वहीं भाजपा ने रोहतक लोकसभा सीट पर एक बार फिर अरविंद शर्मा पर भरोसा जताया है। इसके अलावा, जजपा ने रविंद्र को अपना प्रत्याशी बनाया है।