मगज तरबूज में गिरावट, बादाम गिरी में व्यापार कम, मखाना में तेजी

0
78

नई दिल्ली। मगज तरबूज की कीमतों में विगत कुछ दिनों से गिरावट का दौर बना हुआ है। आयात खुलने की संभावना के चलते चालू माह के दौरान अभी तक कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

वर्तमान में बाजार में बिकवाली का बराबर दबाव बना हुआ है जबकि हाजिर में लिवाल कम है। चालू माह के शुरू में जोधपुर मंडी में मगज-तरबूज का 7 स्टार सूडान का भाव 700 रुपए बोला जा रहा था जोकि आज घटकर 610 रुपए पर आ गया है।

5 स्टार इंडियन का भाव आज 575 रुपए पर बोला गया जोकि चालू माह के शुरू में 670 रुपए पर बोला जा रहा था। दिल्ली बाजार में भी आयातित मगज तरबूज सूडान का भाव 640 रुपए पर आ गया। जबकि चालू माह के शुरू में 720 रुपए चल रहा था। जबकि अभी तक सरकार द्वारा आयात का कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है।

बादाम गिरी: बादाम गिरी में व्यापार कम रहा भाव भी दबे रहे। सूत्रों का कहना है कि लिवाल जनवरी माह के दौरान हुए आयात सौदे की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। जोकि संभवत: आगामी सप्ताह क्लीयर हो जाएगी।

उल्लेखनीय है कि जनवरी- 2023 के बादाम का आयात 1104 कंटेनर का रहा था। जबकि वर्ष 2022 में 800 कंटेनर एवं वर्ष 2021 में 1250 कंटेनर बादाम का आयात किया गया था। सूत्रों का मानना है कि दिसम्बर माह की तुलना में आयात कुछ घट सकता है।

दिसम्बर 2023 में बादाम आयात 1216 कंटेनर का हुआ। हाजिर में कमजोर मांग के कारण आज बादामगिरी के भाव 5/10 रुपए नरमी के साथ बोले गए। अधिक मंदा-तेजी आयात आंकड़ों के पश्चात निर्धारित होगा।

मखाना : चालू सीजन के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्य बिहार में मखाना का उत्पादन कम होने के कारण उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर स्टॉक कम रह गया है। जिस कारण खपत केन्द्रों पर सप्लाई प्रभावित हो रही है।

परिणामस्वरूप मखाना के भाव दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। दिल्ली बाजार में आज- मखाना राजभोग का भाव 40 रुपए प्रति किलो बढ़कर 880/890 रुपए प्रति किलो पर बोला जाने लगा है।

बिहार की मंडियों में भी मखाना के दाम 30/50 रुपए प्रति किलो तेजी के साथ बोले जा रहे हैं। माल की कमी होने के कारण अभी भी बाजार में धारणा तेजी की बनी हुई है। बिहार की दरभंगा मंडी में हैंडपिक्ड मखाना का भाव 1200 रुपए के स्तर पर बोला जाने लगा है। जबकि 4 सुता का भाव 600 रुपए बोला गया है।