‘मैं भारत हूं’ अभियान का कोटा से आगाज़, 9 अगस्त से दिल्ली में होगा देशव्यापी प्रदर्शन

0
473

कोटा। अंतरराष्ट्रीय संगठन ‘मैं भारत हूँ’ के जय भारत अभियान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोविंद माहेश्वरी ने कहा कि भारत वर्षों तक गुलाम रहा है। अब किसी और का दिया नाम इंडिया को बदलने का उचित समय आ गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए 9 से 11 अगस्त तक दिल्ली में जंतर मंतर पर आयोजित देशव्यापी प्रदर्शन में कोटा की बड़ी भागीदारी रहेगी। कोरोना गाइडलाइन के कारण भले ही संख्या सीमित हो, लेकिन कोटा का इसमें बड़ा योगदान रहने वाला है। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को ज्ञापन दिया जाएगा।

विज्ञान नगर स्थित गायत्री शक्तिपीठ में आयोजित कार्यक्रम में माहेश्वरी ने कहा कि यह विषय किसी से अछूता नहीं है। हमें उम्मीद है कि अगले स्वतंत्रता दिवस तक सभी जगह ‘जय भारत अभियान’ को सफलता मिल जाएगी। अभियान को राष्ट्रीय गति देने वाले संयुक्त मंत्री शंकर आसकंदानी ने बताया कि कोटा शहर में प्रबुद्धवर्ग को जोड़ने के लिए विभिन्न स्तर पर समितियों का गठन किया जा रहा है। शहर के प्रतिष्ठित बुद्धिजीवी लोगों एवं युवा शक्ति को समितियों के गठन के माध्यम से इस अभियान से जोड़ा गया है।

कोटा समिति की मुख्य प्रभारी अनिता चौहान ने बताया कि जय भारत अभियान को संभाग के गणमान्य लोगों का समर्थन मिल रहा है। इसे अंजाम तक पहुँचाने के लिए युवा लोगों को जोड़ा जाएगा। साथ ही भारत नाम के बारे सभी जिज्ञासायें शांत की जायेगी। प्रथम संयुक्त बैठक में जनता में अधिकाधिक जागरूकता एवं इस अभियान से जोड़ने के लिए समितियों की भावी कार्य योजना पर विचार किया गया।

नशा मुक्ति अभियान के प्रेरक डाॅ. आर.सी. साहनी ने कहा कि भारत में वेदों की रचना हजारों साल पहले हो गई। मेडिकल साइंस में हर जगह भारत का नाम सम्मान से लिया जाता है। लाॅयंस क्लब कोटा साउथ के अध्यक्ष डाॅ जगदीश शर्मा ने कहा कि स्काउट में तो भारत शब्द को ही प्राथमिकता में रखा गया है। पर्यावरणविद् बृजेश विजयवर्गीय ने कहा कि सभी सामाजिक संस्थाओं को इसमें पहल करते हुए मोबाईल फोन में हैलो की बजाए जय भारत बोला जाए। बैठक में सीए ललित माहेश्वरी, एंकर रेणू श्रीवास्तव, कोटा एनवायरमेंटल सेनीटेशन सोसायटी के सचिव विनीत महोबिया, डाॅ मुकेश दाधीच, युवा शक्ति के विकास सचदेवा सहित गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

मैं भारत हूं युवा शक्ति कोटा’ का गठन
इस संदर्भ में ‘मैं भारत हूं युवा शक्ति कोटा’ का गठन किया गया। प्रथम बैठक में अनीता चौहान को मुख्य प्रभारी, जीडी पटेल को संरक्षक एवं समाजसेवी गोविंद माहेश्वरी को राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। मैं भारत हूं युवा शक्ति कोटा समिति की बैठक में डॉ. सुरेश पांडे को संरक्षक व डॉ. अमित सिंह राठौड को अध्यक्ष नियुक्त किया गया।