बजट से झूमा बाजार, सेंसेक्स 1700 अंक उछल कर 47,950 के स्तर पर पहुंचा

0
606

मुंबई। संसद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट भाषण समाप्त हो गया है। इसमें नए टैक्स स्लैब न होने से बाजार में रिकॉर्ड तेजी है। BSE का सेंसेक्स 1,569 अंकों की बढ़त के साथ 47,855.48 पर कारोबार कर रहा है। बाजार की तेजी में बैंकिंग शेयर सबसे आगे हैं। निफ्टी का बैंक इंडेक्स 1,490 अंक ऊपर 32,055.90 पर कारोबार कर रहा है। इंडसइंड बैंक का शेयर 11% ऊपर कारोबार कर रहा है। निफ्टी इंडेक्स भी 455 अंकों की बढ़त के साथ 14,090.05 पर कारोबार कर रहा है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का तीसरा बजट रहा। इससे पहले उन्होंने 5 जुलाई 2019 और 1 फरवरी 2020 को भी केंद्रीय बजट पेश किया था। मोदी सरकार का यह 9वां बजट रहा, जिसमें 5 जुलाई 2019 को आया अंतरिम बजट भी शामिल है।

बीमा शेयरों में शानदार तेजी
सरकार इंश्योरेंस एक्ट, 1938 में संशोधन करेगी। इसके तहत बीमा कंपनियों में FDI सीमा 49% से बढ़ाकर 74% करने का ऐलान किया गया है। इससे HDFC लाइफ का शेयर 5.2%, SBI लाइफ का शेयर 3.8% और ICICI प्रुडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस का शेयर 6.1% ऊपर कारोबार कर रहा है।

गैस कंपनियों के शेयरों में तेजी
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार सिटी गैस डिस्ट्रीब्युशन के तहत देश के 100 अन्य शहरों को जोड़ेगी। इससे इंद्रप्रस्थ गैस का शेयर 2.5% और महानगर गैस का शेयर 1.8% ऊपर कारोबार कर रहा है।

सेबी गोल्ड का भी रेगुलेटर होगा
सरकार सिक्युरिटीज मार्केट कोड लेकर आएगी। इसमें सेबी एक्ट, गवर्मेंट सिक्युरिटीज एक्ट और डिपॉजिटरीज एक्ट को शामिल किया जाएगा। सेबी सोने का भी रेगुलेटर होगा।BSE पर 2,905 शेयरों मे कारोबार हो रहा है। 1,687 शेयरों में तेजी और 1,035 में गिरावट है। लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप बढ़कर 189.85 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो शुक्रवार को 186.13 लाख करोड़ रुपए था। इससे पहले बाजार लगातार 6 सत्रों में गिरावट के साथ बंद हुआ था।

मजबूत घरेलू संकेत का भी असर
भारत का मैन्युफैक्चरिंग पर्चेजिंग मैनेजिंग इंडेक्स (PMI) जनवरी में तीन महीने के उच्चतम स्तर 57.7 पर पहुंच गया है, जो दिसंबर में 56.4 रहा था। यहां 50 से ऊपर रहने का अर्थ पॉजिटिव ग्रोथ से है। इसके अलावा दिसंबर में जीएसटी कलेक्शन भी रिकॉर्ड स्तर पर रहा।

पड़ोसी देशों के साथ तनाव और हथियार निर्यात को देखते हुए सरकार इस सेक्टर के लिए बड़े ऐलान कर सकती है। ऐसे में रक्षा क्षेत्र के शेयर आज फोकस में रहेंगे। इसमें हिंदुस्तान एयरोनॉटिकल लि. (HAL) का शेयर सबसे अहम है।