कोटा मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का होगा विस्तार: स्पीकर बिरला

0
8

आइसोलेशन वार्ड एवं कनेक्टिविटी कॉरिडोर का लोक सभा अध्यक्ष ने किया लोकार्पण

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कोटा मेडिकल कॉलेज को चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं की दृष्टि से आदर्श अस्पताल बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। आने वाले एक वर्ष में बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध हों, इस लक्ष्य के साथ व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।

बिरला ने मंगलवार को करीब 10 करोड़ की लागत से बने 25 आइसोलेशन वार्ड एवं मेडिकल कॉलेज अस्पताल व सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक को जोड़ने के लिए बने कनेक्टिविटी कॉरिडोर के लोकार्पण समारोह को संबोधित किया।

बिरला ने कहा कि हाड़ौती सहित मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज यहाँ उपचार के लिए आते हैं। कैंसर हॉस्पिटल की स्वीकृति मिल चुकी है। डीपीआर तैयार होने के बाद करीब चार माह में इसके शिलान्यास का प्रयास रहेगा।

जल्द ही 120 बेड का स्पाइनल इंजरी सेंटर, 50 बेड का क्रिटिकल केयर वार्ड और 90 कॉटेज एवं क्यूबिकल वार्ड की सुविधाएँ भी उपलब्ध होंगी। अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी सेंटर विकसित करने के साथ इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेवाओं को भी सुदृढ़ किया जाएगा।

मरीजों के परिजनों को मिलेगी बेहतर सुविधा
बिरला ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों के परिजनों के लिए 900 बेड का रामाश्रय विकसित किया जा रहा है। यहाँ आवास के साथ मरीज के दो परिजनों को निःशुल्क भोजन की सुविधा मिलेगी। अस्पताल में स्वच्छता, पंजीकरण, दवा वितरण और मरीजों की देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं में भी व्यापक सुधार किया जाएगा। बिरला ने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति को देश के किसी भी अस्पताल में उपचार की आवश्यकता होगी तो उसकी हरसंभव सहायता की जाएगी। उन्होंने चिकित्सकों से संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ मरीजों का उपचार करने का आह्वान किया।

सुविधाओं के विस्तार से मिलेगी राहत: संदीप शर्मा
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कोटा मेडिकल कॉलेज में कनेक्टिंग कॉरिडोर और आइसोलेशन वार्ड जैसी सुविधाओं से मरीजों और चिकित्सकों को काफी राहत मिलेगी। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक और न्यू हॉस्पिटल के बीच कॉरिडोर बनने से गंभीर मरीजों को जांच और उपचार के लिए एक जगह से दूसरी जगह ले जाना आसान होगा। उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का आभार जताया। शर्मा ने कहा कि रामाश्रय भवन से मरीजों के परिजनों को ठहरने की सुविधा मिलेगी। शर्मा ने कहा कि कैंसर यूनिट की घोषणा के बाद इसके शुरू होने में देरी हो रही थी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से इसके लिए वित्तीय स्वीकृति भी मिल गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने वाला है।

इस दौरान महापौर अनुसुइया गोस्वामी, उप महापौर विवेक राजवंशी, जिला कलक्टर पीयूष समारिया, प्रिसिंपल डॉ. नीलेश जैन, चिकित्सकगण व गणमान्य मौजूद रहे।