गणेश महोत्सव को जिला महोत्सव घोषित करने और मंडलों को आर्थिक संबल देने की मांग
कोटा। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं की स्थापना करने वाले सामाजिक संगठनों का भव्य सम्मान समारोह रविवार को दोपहर 1:00 बजे से गीता भवन में आयोजित किया जाएगा।
महासंघ के मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल तथा ‘इको-फ्रेंडली श्री गणपति क्लब’ के अध्यक्ष डॉ. एमएल अग्रवाल ने बताया कि पर्यावरण की रक्षा और सनातन परंपराओं के समन्वय के लिए महासंघ निरंतर प्रयासरत है।
इस वर्ष महासंघ की ओर से विभिन्न जन संगठनों को 4 फीट और 6 फीट की कुल 112 इको-फ्रेंडली प्रतिमाएं पूर्णतः निशुल्क वितरित की गईं। जिसमें नवदुर्गा संगठनों को 56 एवं गणेश संगठनों को 4 से 6 फीट तक की 56 प्रतिमाएं उपलब्ध करवाई गई थी
डॉ. एमएल अग्रवाल एवं गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि कोटा जिले में लगभग 1000 से अधिक ऐसे गणेश मंडल हैं, जो 3 फीट से अधिक ऊंची गणेश और दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना करते हैं।
इन सभी मंडलों को इस मुहिम से जोड़ने के लिए महोत्सव के दौरान 10 दिनों तक एक विशेष अभियान चलाया गया। इसके लिए 10 सदस्यीय एक विशेष दल का गठन किया गया था, जिसने शहर के विभिन्न पंडालों में जाकर आयोजकों से सीधा संपर्क स्थापित किया।
महासंघ के महामंत्री राजाराम जैन के नेतृत्व में इस टीम ने 600 से अधिक विभिन्न गणेश एवं नवदुर्गा मंडलों से संपर्क साधकर उन्हें पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी भावी कार्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा सम्मान समारोह के लिए आमंत्रित किया।
प्रत्येक संगठन से तीन-तीन प्रमुख सदस्यों को आमंत्रित किया गया है प्रथम चरण में इको फ्रेंडली गणपति एवं नवदुर्गा स्थापित करने वाले 133 संगठनों को समायोजित करते हुए संगठनों की प्रमाणित जानकारी संकलित कर एक भव्य ‘स्मारिका’ का भी प्रकाशन किया गया है।
वहीं शहर के विभिन्न संस्थाओं द्वारा विगत वर्षों से पर्यावरण के क्षेत्र में किया जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए 21 ऐसे संगठनों को भी चयनित किया गया है जिनका ₹5100 की नगद राशि से सम्मानित किया जाएगा
समारोह के माध्यम से सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ ने आग्रह किया है कि कोटा के भव्य गणेश महोत्सव की व्यापकता को देखते हुए इसे ‘जिला महोत्सव’ घोषित किया जाए। इसके अतिरिक्त, महाराष्ट्र सरकार की तर्ज पर राजस्थान सरकार द्वारा भी स्थानीय गणेश और दुर्गा उत्सव मंडलों को विशेष आर्थिक संबल प्रदान किया जाए, ताकि वे और अधिक उत्साह व पर्यावरण अनुकूल तरीकों से इन सांस्कृतिक आयोजनों को संपन्न कर सकें।

