दूसरों को दिया गया कष्ट लौटकर स्वयं को ही भोगना पड़ता है: स्वस्ति भूषण माताजी

0
20

कोटा। विज्ञान नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में धर्मसभा को संबोधित करते हुए आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य इतना स्वार्थी होता जा रहा है कि अपनी खुशी के लिए दूसरों को नुकसान पहुंचाने से भी नहीं हिचकता।

लेकिन वह यह भूल जाता है कि हम दूसरों को जो देते हैं, वही लौटकर हमारे पास आता है। अपने कर्मों का फल प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं ही भोगना पड़ता है। इसलिए जीवन में सद्भावना, करुणा और सदाचार को अपनाना आवश्यक है।

माताजी ने कहा कि प्रत्येक जीव अपने जीवत्व भाव के कारण अस्तित्व में है। जीव अजर, अमर और अविनाशी है, उसे कोई समाप्त नहीं कर सकता। संयम, त्याग और मोह का परित्याग कर आत्मसाधना के मार्ग पर आगे बढ़ना ही पारिणामिक भाव की सार्थकता है। मनुष्य को सांसारिक मोह-माया से ऊपर उठकर आत्मकल्याण की दिशा में प्रयास करना चाहिए।

मंदिर समिति के अध्यक्ष राजमल पटौदी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन शांतिधारा से हुआ, जिसे अरविंद ठोरा ने संपन्न कराया। दीप प्रज्वलन सकल समाज के संरक्षक विमल नांता, विनोद टोरडी एवं प्रकाश बज ने किया। मंगलाचरण सरिता एवं पारुल जैन ने प्रस्तुत किया।

मंदिर समिति के मंत्री पीके हरसोरा ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. जयंत कीर्ति ने हस्त मुद्राओं के माध्यम से शरीर को निरोगी रखने की विभिन्न कलाओं एवं उनके महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में 15 नवंबर को दोपहर 1 बजे शुभकामना परिवार का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित होगा।