कल्पद्रुम महामंडल विधान एवं अष्टान्हिका पर्व महोत्सव 16 से 22 नवंबर तक

0
15


कोटा। धर्म, अध्यात्म और गुरु भक्ति की त्रिवेणी से सराबोर होने जा रहा रिद्धि-सिद्धि नगर, कुन्हाड़ी स्थित अतिशयकारी चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर। यहां 16 से 22 नवंबर तक ‘भव्य कल्पद्रुम महामंडल विधान एवं अष्टान्हिका पर्व महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा व मंत्री पंकज खटोड ने बताया कि मुनिश्री विवर्धन सागर महाराज एवं प्रवर्तक मुनिश्री विश्वनायक सागर महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में अनेक मांगलिक कार्यक्रम होंगे।

महोत्सव के दौरान 21 एवं 22 नवंबर को गणाचार्य विराग सागर महामुनिराज का 35वां आचार्य पदारोहण महोत्सव तथा 22 नवंबर को भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह विशेष आकर्षण रहेगा।

गणधर मुनिश्री विवर्धन सागर महाराज ने आचार्यश्री के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि बाल्यावस्था से ही उनके जीवन में धार्मिक संस्कारों और संयम के प्रति समर्पण का भाव रहा।

बालक अरविंद ने आचार्य सन्मति सागर महाराज के सानिध्य में संयम मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। उन्हें क्षुल्लक दीक्षा प्रदान कर क्षुल्लक पूर्ण सागर नाम दिया गया। बाद में आचार्यश्री विमल सागर महाराज ने उन्हें मुनि दीक्षा प्रदान की।

मुनिश्री ने कहा कि आचार्यश्री के जीवन में अनेक उपसर्ग और प्रतिकूल परिस्थितियां आईं, लेकिन उन्होंने समता एवं धैर्य के साथ साधना जारी रखी। उनके वात्सल्य, तप और त्याग के कारण ही उनका संघ निरंतर पल्लवित हो रहा है।

कोषाध्यक्ष ताराचंद बडला ने बताया कि 16 नवंबर को प्रातः घटयात्रा, ध्वजारोहण, समवशरण उद्घाटन, मांडप शुद्धि एवं इंद्र प्रतिष्ठा के साथ विधान की शुरुआत होगी। 17 से 21 नवंबर तक प्रतिदिन अभिषेक, शांतिधारा, नित्य नियम पूजन, विधान पूजन, महाराजश्री के प्रवचन, गुरुभक्ति आरती एवं महाआरती के आयोजन होंगे। प्रतिदिन रात्रि 8:30 बजे मोनू एंड पार्टी टीकमगढ़ के कलाकारों द्वारा भव्य नाटक प्रस्तुत किया जाएगा।

21 एवं 22 नवंबर को आचार्य पदारोहण महोत्सव के विशेष आयोजन होंगे। 22 नवंबर को प्रातः 6:30 बजे अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य नियम पूजन, 7:30 बजे ध्वजारोहण, 9 बजे प्रवचन तथा 9:30 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

इसी दिन प्रातः 9 बजे भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह भी आयोजित होगा। कार्यक्रम के पश्चात वात्सल्य भोज की व्यवस्था रहेगी। महोत्सव में प्रतिष्ठाचार्य भागचंद जैन धरियावाद एवं संगीतकार मनीष जैन सरगम भोपाल अपनी सेवाएं देंगे।