डॉ. पांडेय की पुस्तक ‘ऑपरेशन महाशक्ति भारत 2047’ का विमोचन राज्यपाल ने किया

0
20

कोटा। नेत्र सर्जन, लेखक एवं राष्ट्र चिंतक डॉ. सुरेश कुमार पाण्डेय की नवीनतम हिंदी पुस्तक ‘ऑपरेशन महाशक्ति भारत 2047, विकसित भारत का प्रिस्क्रिप्शन: एक नेत्र सर्जन की कलम से’ का विमोचन राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने राजभवन, जयपुर में किया।

पुस्तक की विषयवस्तु की सराहना करते हुए राज्यपाल बागडे ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, नवाचार, युवाशक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।

उन्होंने एक चिकित्सक द्वारा राष्ट्र की चुनौतियों को निदान और उपचार की दृष्टि से देखते हुए समाधान प्रस्तुत करने की अवधारणा को रोचक और विचारोत्तेजक बताया। राज्यपाल ने पुस्तक के माध्यम से युवाओं और नागरिकों में राष्ट्र निर्माण, कर्तव्यबोध तथा सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के प्रयास की भी सराहना की।

‘ऑपरेशन महाशक्ति भारत 2047’ में भारत को वर्ष 2047 तक विकसित, स्वस्थ, आत्मनिर्भर, समृद्ध और विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने की परिकल्पना को एक नेत्र सर्जन के विशिष्ट दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है। लेखक ने चिकित्सा क्षेत्र में प्रयुक्त निदान, उपचार और रोकथाम की अवधारणाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए देश के सामने मौजूद विभिन्न चुनौतियों का विश्लेषण किया है।

पुस्तक में शिक्षा, स्वास्थ्य, सुशासन, युवा शक्ति, नारी सशक्तीकरण, सामाजिक समरसता, नवाचार, पर्यावरण, अनुशासन, नागरिक कर्तव्य और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर व्यावहारिक तथा सकारात्मक सुझाव दिए गए हैं। पुस्तक का प्रयास केवल समस्याओं की चर्चा करना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका पहचानने और सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

डॉ. पाण्डेय ने बताया कि जिस प्रकार एक चिकित्सक किसी रोग के केवल लक्षण नहीं देखता, बल्कि उसके मूल कारण की पहचान कर उपचार और भविष्य की रोकथाम की योजना बनाता है, उसी प्रकार राष्ट्र के सामने मौजूद चुनौतियों को भी व्यापक दृष्टिकोण से समझना आवश्यक है। इसी सोच से इस पुस्तक का शीर्षक ‘ऑपरेशन महाशक्ति भारत 2047’ रखा गया है।