सुपोषित मां अभियान के तहत 1500 गर्भवती महिलाओं को पोषण किट का वितरण
कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि दुर्गाष्टमी शक्ति, सृजन और मातृशक्ति के सम्मान का पर्व है। माँ स्वस्थ और सशक्त होगी, तभी आने वाली पीढ़ियाँ स्वस्थ होंगी और समर्थ राष्ट्र का निर्माण होगा। वे दुर्गाष्टमी के अवसर पर ट्रैफिक गार्डन परिसर सुपोषित माँ अभियान के तहत एयू बैंक फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित शिविर में गर्भवती माताओं को संबोधित कर रहे थे।
बिरला ने कहा कि छह वर्ष पूर्व माताओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की चिंता से प्रारंभ हुए इस अभियान से अब तक 30 हजार से अधिक महिलाएँ लाभान्वित हुई हैं। अभियान के तहत गर्भवती माताओं को पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जाँच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दुर्गाष्टमी पर हम कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर पूजते हैं। हमारा संकल्प है कि हर बेटी को जन्म से ही सम्मान, सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए जनसहयोग से आर्थिक संबल प्रदान करने के प्रयास भी किए जाएंगे।
समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहा अभियान
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जरूरतमंदों की समस्याओं को समझते हुए कई सामाजिक पहल की हैं। सड़क पर नंगे पैर चलने वाले बच्चों को चप्पल उपलब्ध कराना और सर्दी में रेलवे स्टेशन पर खुले में सोने वाले यात्रियों के लिए कंबल की व्यवस्था करना उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है। सुपोषित मां अभियान भी इसी सेवा भावना का हिस्सा है। नागर ने कहा लोकसभा अध्यक्ष जी की प्रेरणा से उन्होंने सांगोद क्षेत्र में भी ऐसी पहल शुरू की है। जनप्रतिनिधियों का प्रयास होना चाहिए कि सरकारी योजनाओं और सामाजिक सहायता का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे। माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर बनाना स्वस्थ पीढ़ी और देश के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है।
माताओं और बच्चों के स्वस्थ जीवन का संकल्प
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि सुपोषित मां अभियान की शुरुआत के पीछे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की संवेदनशील सोच है। जेके लोन अस्पताल में नवजात बच्चों को खोने वाली माताओं की पीड़ा को देखकर उन्होंने महसूस किया कि गर्भवती महिलाओं को उचित पोषण और देखभाल की जरूरत है। इसी सोच से इस अभियान की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि किसी अच्छे विचार को लगातार आगे बढ़ाकर जनअभियान बनाना आसान नहीं होता। माननीय ओम बिरला जी की जनकल्याणकारी पहलें जरूरतमंदों की मदद करने और समाज में बदलाव लाने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने सुपोषित मां अभियान को आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए लोकसभा अध्यक्ष, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और अभियान से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
मातृशक्ति के सम्मान का पर्व
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि नवरात्र और अष्टमी मातृशक्ति के सम्मान का पर्व है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल पर चल रहा सुपोषित मां अभियान भी इसी भावना से जुड़ा है। इसका उद्देश्य माताओं को पोषण उपलब्ध कराने के साथ आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ बनाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन में बदलाव लाया जा सकता है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी काम किया जा रहा है। उन्होंने अभियान से जुड़ी टीम, चिकित्सकों, कार्यकर्ताओं और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के राजस्थान के प्रबंध निदेशक संजय अग्रवाल का आभार जताया।
पुनीत कार्य के जुड़ना गौरव की बात
एयू फाउंडेशन के संस्थापक ट्रस्टी और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के संस्थापक, प्रबंध निदेशक एवं सीईओ संजय अग्रवाल ने कहा मां और बच्चे का स्वस्थ रहना एक बेहतर समाज के लिए बेहद जरूरी है। ‘सुपोषित मां अभियान’ के माध्यम से माताओं को नियमित पोषण सहायता मिल रही है और समाज की भागीदारी से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
राजस्थान से जुड़ाव के कारण एयू का इस प्रदेश और यहां के लोगों से खास रिश्ता है। इस पुनीत कार्य के माध्यम से लोगों के जीवन में बेहतर बदलाव लाने में योगदान देना हमारे लिए गर्व की बात है। हर मां और बच्चे को स्वस्थ जीवन और आगे बढ़ने के पूरे अवसर मिलें, यह एक मजबूत राष्ट्र बनाने और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में अहम कदम है।
इस दौरान सुपोषित मां अभियान में निरन्तर सहयोग करने वाली महिला डॉक्टर्स को सम्मानित किया गया। डॉ. मीनू बिरला ने अपने सम्बोधन में अभियान के 6 वर्षों की यात्रा को बताया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, महापौर अनुसुईया गोस्वामी, उप महापौर विवेक राजवंशी सहित अन्य पदाधिकारी, गणमान्य व बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रहीं।

